'एन पी एन लाइव'

Yogi Motihari : योगी आदित्यनाथ का मोतिहारी में आरजेडी पर तीखा हमला, कहा — अपराधी किसी के नहीं होते, देखें वीडियो

SHARE:

Yogi Adityanath in Motihari: Criminals Belong to No One

ओम वर्मा, मोतिहारी (बिहार)। Yogi Motihari : बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को मतदान होना है। इसके लिए सभी राजनीतिक दलों ने अपनी अंतिम तैयारियां पूरी कर ली हैं। जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, चुनावी माहौल और भी गरमाता जा रहा है।

मोतिहारी विधानसभा सीट पर इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। एक ओर भाजपा से प्रमोद कुमार लगातार छठी बार मैदान में हैं, वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने देवा गुप्ता को अपना प्रत्याशी बनाया है। स्थानीय राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यह मुकाबला सत्ता बनाम साख का रूप ले चुका है।

राजद उम्मीदवार देवा गुप्ता पर हत्या सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसी मुद्दे को लेकर आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोतिहारी में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा, “अपराधी किसी के नहीं होते। अपराध से पैसा बनाना इनका मकसद होता है। जनता को ऐसे लोगों से सावधान रहना चाहिए।”

जनता एनडीए का साथ दे

Yogi Motihari : योगी ने आगे कहा कि बिहार में विकास और सुशासन की राह को बनाए रखने के लिए जनता को एनडीए का साथ देना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से प्रमोद कुमार को जिताने की अपील करते हुए कहा कि “एक बार फिर मोतिहारी से सुशासन की जीत सुनिश्चित करनी होगी।”

Yogi Adityanath in Motihari: Criminals Belong to No One

एनडीए कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ा गए योगी

Yogi Motihari :  भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी की जनसभा से क्षेत्र में एनडीए समर्थकों का जोश और बढ़ गया है। वहीं, राजद प्रत्याशी देवा गुप्ता भी अपने समर्थकों के साथ लगातार जनसंपर्क अभियान में जुटे हुए हैं।

11 नवंबर को होने वाले मतदान में मोतिहारी की जनता यह तय करेगी कि इस बार सुशासन को मौका मिलेगा या अपराध का साया फिर लौटेगा।

फिर से एनडीए की सरकार बनेगी

Yogi Motihari :  योगी ने कहा कि बिहार विधानसभा के पहले चरण के चुनाव 6 नवंबर को संपन्न हो गए हैं। इसके रुझान बताते हैं कि बिहार के अंदर लालटेन की धुंधली रोशनी में कोई अपराध नहीं कर पाएगा। बिहार में नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार की एलईडी लाइट में जगमगाता हुआ बिहार तय कर चुका है कि 14 नवंबर को जब परिणाम आएंगे तो एक बार फिर से एनडीए की सरकार बनेगी।
ए​क बार फिर से एनडीए सरकार की शंखनाद फिर से सुनाई दे रही है।

बिहार का गौरवशाली इतिहास

Yogi Motihari : योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिस बिहार का अपना गौरवशाली इतिहास रहा हो, जिस बिहार ने नालंदा विश्वविद्यालय दिया हो, जिसने आर्यभट्ट और चाणक्य दिया हो, जिस बिहार ने महात्मा बुद्ध को ज्ञान प्रदान किया हो, आखिर वो बिहार साक्षरता में क्यों सबसे पीछे हो गया। योगी ने कहा कि इस पाप का दोषी कोई और नहीं बल्कि कांग्रेस और आरजेडी है। दोनों बराबर के दोषी हैं। इन पार्टियों ने बिहार की मेधा का उपयोग राज्य के विकास में नहीं होने दिया।

बिहार का नौजवान मेहनत करता था

Yogi Motihari : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार का नौजवान मेहनत करता था, बिहार की प्रतिभा और मेधा का लोहा दुनिया मानती है। लेकिन जब बिहार के विकास की बात आती है तो कांग्रेस और आरजेडी की दलाली नौजवानों की मेधा को कुंद कर देती थी। यहां का नौजवान पलायन करने को मजबूर हो गया। पिछले 20 वर्षों में एनडीए की सरकार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सुशासन की आधारशिला सुदृढ़ हुई है। इसी सुशासन की सुदृढ़ नींव में बिहार के बेहतर भविष्य के लिए फिर से एनडीए सरकार आवश्यक है।

बिहार में सबकुछ है

Yogi Motihari :  आज बिहार में वो सबकुछ है, जो राज्य को समृद्ध बनाने में सहायक हो सकती है। रोड की कनेक्टिविटी है। रेलवे की कनेक्टिविटी है। एयर कनेक्टिविटी है। एनआइटी है। आइआइटी है। आइआइएम है। एम्स है। मेडिकल कालेजों की लंबी श्रृंखला खड़ी हो गई है। अब बिहार में अच्छे शिक्षण संस्थान हैं और नए खुल भी रहे हैं। निवेश आ रहा है। लेकिन निवेश की पहली शर्त है सुरक्षा। अगर अपराधी जीतेगा तो निवेश भागेगा। अपराधी जीतेगा तो सुरक्षा दांव पर लगेगी।

उत्तर प्रदेश का दिया हवाला

Yogi Motihari :  योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हम लोगों ने अपराधियों के लिए बुलडोजर खड़ा कर के रखा हुआ है। ये जो बुलडोजर यूपी में माफिया की छाती पर धड़धड़ा के चलता है तो उसकी हड्डी और पसली एक हो जाती है। यही वजह है कि यूपी के अपराधी पस्त हो गए हैं। दूसरी ओर रोजगार पाकर राज्य के युवा मस्त हो गए हैं।

राममंदिर का जिक्र

Yogi Motihari : उन्होंने कहा कि मोदी जी का नेतृत्व है तो विरासत है और विकास भी है। आप याद करिए। कांग्रेस के लोग क्या कहते थे कि राम हैं ही नहीं। ये आरजेडी के लोग खानदानी माफियाओं को बचाने के लिए उनके दबाव में राममंदिर की रथ यात्रा रोक देते थे। इनका पार्टनर समाजवादी पार्टी, उत्तर प्रदेश के अंदर रामभक्तों पर गोली चलवाती है। तब भी रामभक्त कहते थे कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। लाठी गोली खाएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। ये समाजवादी पार्टी वाले अयोध्या में राममंदिर का निर्माण रोक पाए क्या। अयोध्या में गिद्धराज जटायु की प्रतिमा की स्थापना हो गई है। इसके साथ साथ कई और प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं।

सीतामढ़ी में माता जानकी मंदिर

Yogi Motihari :  योगी ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो गया तो अब सीतामढ़ी में माता सीता का मंदिर निर्माण हो रहा है। मोतिहारी के सांसद राधामोहन सिंह जब उत्तर प्रदेश के प्रभारी थे तो उन्होंने कहा कि अयोध्या से लेकर मां जानकी मंदिर सीतामढ़ी के लिए एक मार्ग भी बनना चाहिए। इसके लिए 6 हजार 155 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिए गए हैं। काम प्रारंभ हो गया है। अब गोरखपुर से सिलीगुड़ी को जोड़ने के लिए नया एक्सप्रेस वे बन रहा है, वो यही मोतिहारी होते हुए जा रहा है। मोतिहारी एक इकोनोमिक कोरीडोर होगा।

आरजेडी ने गरीबों को कुछ नहीं दिया

Yogi Motihari :  योगी ने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी के समय गरीबों को कुछ नहीं मिलता था। न आवास, न राशन और न स्वास्थ्य की सुविधा और न ही रसोई गैस का कनेक्शन। हालात खराब थे।

ताकतवर बना भारत

अब 11 वर्षों में मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की बड़ी ताकत बना है। आज भारत की तरफ कोई टेढ़ी नजरों से नहीं देख सकता। आज का भारत मजबूत भारत है, मजबूर नहीं। अब भारत दुश्मन को उसके मांद में घुसकर मारता है। मोदी ने कहा है कि मार्च 2026 तक माओवाद और नक्सलवाद की कमर तोड़कर रख दी जाएगी। माओवाद के जहन्नुम जाने का टिकट पक्का। जो भी भारत का विरोध करेगा, भारत की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश करेगा तो मानकर चलो कि यमराज ने उसके लिए बुलावा भेज दिया है।

ये कार्य भी गिनवाए

Yogi Motihari :  योगी ने कहा कि मोदी के शासन काल में 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन दिया गया। 50 करोड़ लोगों को मु्फ्त चिकित्सा दी जा रही है। वन नेशन वन रा​शन कार्ड जारी किया गया। कोई भी व्यक्ति कहीं का हो, वह अपने हक का राशन वर्तमान शहर में ले सकता है। स्वास्थ्य, सुरक्षा की पूरी गारंटी एनडीए की सरकार दे रही है। गरीबों के लिए बैंक खाते खोले गए। अब गरीबों का धन कोई और नहीं लूट सकेगा। 12 करोड़ गरीबों को शौचालय दिया गया। करोड़ों किसानों को किसान सम्मान निधि दी गई। किसानों के ​खाते में सालाना 6 हजार रुपये पहुंच जाता है।

Yogi Adityanath in Motihari: Criminals Belong to No One

पहले यह  थी रसोई गैस की हालत

Yogi Motihari : योगी ने कहा कि कांग्रेस के समय में एक रसोई गैस का कनेक्शन लेने के लिए हजारों रुपये खर्च करना पड़ता था। अब मोदी सरकार ने 10 करोड़ लोगों को फ्री रसोई गैस उपलब्ध करा दी है। जितनी मर्जी उतनी जलाइए। चार करोड़ गरीबों के मकान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए। तीन करोड़ घरों में बिजली के मुफ्त कनेक्शन दिए गए।

ऐसी थी आरजेडी की अराजकता

Yogi Motihari : योगी ने कहा कि जिन नौजवानों ने आरजेडी की अराजकता नहीं देखी है, वो अपने मां बाप से पूछें। आरजेडी के कुशासन में बिहार में जातीय आधार पर नरसंहार हुए थे। अपहरण एक उद्योग बन गया था। कोई भी राज्य में सुरक्षित नहीं था। सिर्फ आरजेडी का एक परिवार सुरक्षित था, बाकी पूरा बिहार असु​रक्षित था।

जंगलराज नहीं आने दें

योगी ने कहा कि हमें किसी ऐसे व्यक्ति को नहीं चुनना है, जो जंगलराज को वापस ले आए। हमें ऐसे किसी माफिया को नहीं लाना है जो जंगलराज लाने का समर्थक हो। योगी ने कहा कि जब मैं यहां आया और महागठबंधन के प्रत्याशी के बारे मे सुना। उनपर 28 मामले दर्ज हैं। कोई ऐसी आइपीसी की धारा नहीं, बीएनएस की धारा नहीं जो उनपर नहीं लगी हो। हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, छिनैती, बलवा कोई भी ऐसी धारा नहीं, जिसमें उसने अपराध न किया हो। इसकी जगह तो उत्तर प्रदेश में बहुत अच्छी हो सकती है। ऐसे लोग उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ते तो बर्दाश्त नहीं किया जाता। ये अपराधी और माफिया किसी के सगे नहीं हुए हैं। इनकी न कोई जाति है न कोई पाती है। अपराध इनका पेशा है। अपराध के द्वारा नाजायज संप​त्ति को कब्जा करना, ये अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं। ऐसे लोगों का तो सामाजिक बहिष्कार होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राधामोहन सिंह ने लंबे समय तक यहां का नेतृत्व किया है। आप यहां से प्रमोद कुमार को फिर से जिता कर भेजें। योगी ने जनता के बीच से यह आश्वासन लिया। साथ ही जय श्रीराम के नारे लगाए।

ohm verma
Author: ohm verma

Om Verma (ohm verma) is a graduate from Motilal Nehru College of Delhi University. He has done Journalism and Mass Communication from Kurukshetra University. He has worked in Hari Bhoomi newspaper published from Haryana. After this, he worked for Dainik Jagran as Chief Sub Editor for a long time. He held many important roles in the Noida office. During this time, he participated in debates on many national TV channels.

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई