नई दिल्ली, 14 नवंबर। Bihar trends : बिहार विधानसभा चुनाव के रुझानों में एनडीए ने बढ़त बनाते हुए स्पष्ट बहुमत की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। भाजपा 90 और जदयू 81 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि राजद को 28 और कांग्रेस को 5 सीटों पर बढ़त मिली है।
रुझानों में एनडीए की मजबूत स्थिति के बीच विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग पर गंभीर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
चुनावी साजिश का आरोप
Bihar trends :सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार चुनाव ने “एसआइआर के खेल” को उजागर कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी साजिश सामने आ चुकी है और अब भाजपा का यह “खेल” दूसरे राज्यों में नहीं चलेगा।
एक्स पर यह किया पोस्ट
Bihar trends :अखिलेश ने एक्स पर पोस्ट किया, “बिहार में जो खेल एसआइआर ने किया है, वो अब बंगाल, तमिलनाडु और यूपी में नहीं हो सकेगा। इस साजिश का भंडाफोड़ हो चुका है। हमारा ‘पीपीटीवी’ यानी ‘पीडीए प्रहरी’ अब भाजपा की चालों को नाकाम करेगा। भाजपा दल नहीं, छल है।”
यह बोले उदित राज
Bihar trends :कांग्रेस नेता उदित राज ने भी चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “यह एनडीए की नहीं, एसआइआर और चुनाव आयोग की जीत है। वोट चोरी हुई है। बिहार में अंत तक आपत्ति जताई, लेकिन चुनाव आयोग ने कुछ नहीं माना।”
भूपेश बघेल ने भी उठाए सवाल
Bihar trends :छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी मुख्य चुनाव आयुक्त पर सवाल उठाए। उन्होंने एक्स पर लिखा, “ज्ञानेश कुमार को जीत की बधाई। 64 लाख नाम काटे, 21 लाख जोड़ दिए। धांधली पर धांधली। भाजपा को आपसे बेहतर सहयोगी नहीं मिल सकता।”
संजय राउत ने भाजपा पर साधा निशाना
Bihar trends :शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने भी चुनाव आयोग और भाजपा को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने लिखा, “बिहार के नतीजों से चौंकने की जरूरत नहीं। महाराष्ट्र जैसी ही कहानी दोहराई गई है। जिस गठबंधन की सरकार तय मानी जा रही थी, वह 50 के अंदर सिमट गया।”
फिलहाल, आखिरी नतीजों का इंतजार है, लेकिन रुझानों के आधार पर विपक्ष चुनाव आयोग और एनडीए की नीयत पर सवाल उठा रहा है।







