मुजफ्फरपुर, 13 दिसंबर। Muzaffarpur Robbery : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र में शनिवार को बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। हथियार से लैस दो अज्ञात बदमाशों ने एक माइक्रोफाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से 17 लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
हथियार दिखा कर रोका
पुलिस के मुताबिक वारदात कपरपुरा न्यू बाईपास ओवरब्रिज के पास हुई। बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने माइक्रोफाइनेंस कंपनी के कर्मचारी को ओवरटेक कर रोका और हथियार दिखाकर नकदी से भरा बैग छीन लिया।
जानकारी के अनुसार ‘स्पाइस मनी माइक्रोफाइनेंस कंपनी’ में कार्यरत विक्रम कुमार जमालाबाद (अहियापुर) से नकदी लेकर मुबारकपुर और कांटी स्थित कंपनी कार्यालय में जमा कराने जा रहे थे। विक्रम मूल रूप से जमालाबाद के निवासी हैं।
पुलिस को दी सूचना
Muzaffarpur Robbery : पीड़ित विक्रम कुमार ने बताया कि जैसे ही वह कपरपुरा न्यू बाईपास ओवरब्रिज से गुजर रहे थे, तभी पीछे से अपाचे बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। हथियार दिखाकर बदमाशों ने उन्हें डरा-धमकाया और नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सदर एसडीपीओ पश्चिमी (एक) सुचित्रा कुमारी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि कंपनी के कर्मचारी से 17 लाख रुपये की लूट की पुष्टि हुई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी व लूटी गई रकम की बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है।
देखे जा रहे सीसीटीवी फुटेज
Muzaffarpur Robbery : पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। इसके साथ ही अपराधियों की तलाश में छापेमारी और आसपास के इलाकों में वाहनों की सघन जांच अभियान भी चलाया जा रहा है।







