कोलकाता, 13 दिसंबर। Messi Kolkata Chaos : विश्व प्रसिद्ध फुटबॉलर लियोनल मेसी के भारत दौरे के पहले चरण में कोलकाता पहुंचने पर साल्ट लेक स्टेडियम में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मेसी की एक झलक पाने के लिए हजारों प्रशंसक घंटों तक स्टेडियम में इंतजार करते रहे, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी। मेसी केवल करीब 10 मिनट के लिए स्टेडियम में पहुंचे और अधिकांश फैंस उन्हें देख भी नहीं पाए। इसके बाद नाराज प्रशंसकों ने स्टेडियम में हंगामा करते हुए तोड़फोड़ की।
ममता ने फैंस से मांगी माफी
Messi Kolkata Chaos : इस घटना के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कार्यक्रम में हुई अव्यवस्था और कुप्रबंधन को लेकर फैंस से माफी मांगी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि साल्ट लेक स्टेडियम में जो कुछ हुआ, उससे वह बेहद परेशान और स्तब्ध हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि हजारों खेल प्रेमी अपने पसंदीदा फुटबॉलर लियोनल मेसी की झलक पाने के लिए वहां एकत्र हुए थे, लेकिन व्यवस्था की कमी के चलते यह दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। उन्होंने मेसी, उनके प्रशंसकों और सभी खेल प्रेमियों से दिल से माफी मांगी।
घटना की जांच होगी

Messi Kolkata Chaos : मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि इस घटना की जांच के लिए सेवानिवृत्त न्यायाधीश आशिम कुमार रे की अध्यक्षता में एक जांच समिति गठित की जाएगी। इस समिति में मुख्य सचिव और गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सदस्य होंगे। समिति पूरे मामले की विस्तार से जांच कर जिम्मेदारी तय करेगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुझाव देगी।

बड़ी संख्या में पहुंचे थे प्रशंसक
Messi Kolkata Chaos : लियोनल मेसी शनिवार तड़के करीब तीन बजे कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचे थे। साल्ट लेक स्टेडियम में उनका कार्यक्रम पहले से तय था, जिसकी अवधि करीब 45 मिनट बताई गई थी। उन्हें देखने के लिए न सिर्फ कोलकाता और पश्चिम बंगाल, बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों से भी बड़ी संख्या में प्रशंसक पहुंचे थे।

कम रहा स्टेडियम में ठहराव
Messi Kolkata Chaos : हालांकि, लंबे इंतजार के बावजूद मेसी का स्टेडियम में ठहराव बेहद कम रहा। वह आयोजकों और सुरक्षाकर्मियों से घिरे रहे, जिसके कारण ज्यादातर दर्शक उन्हें ठीक से देख नहीं सके। जैसे ही मेसी स्टेडियम से रवाना हुए, नाराज फैंस ने विरोध जताते हुए हंगामा किया और तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।







