निवेदिता झा, नई दिल्ली। Saffron Benefits : आयुर्वेद में केसर को एक प्रभावशाली औषधि के रूप में माना गया है। इसके गुण इतने व्यापक हैं कि यह शरीर के तीनों दोष— वात, पित्त और कफ—को संतुलित करने में सहायक माना जाता है। केसर न केवल पोषक तत्वों के पाचन को बेहतर बनाता है, बल्कि शरीर के ऊतकों से विषैले तत्वों को बाहर निकालने में भी मदद करता है। इसी कारण सदियों से इसका उपयोग भोजन की पौष्टिकता बढ़ाने और कई तरह की बीमारियों में राहत पाने के लिए किया जाता रहा है।
गर्म है इसकी तासीर
Saffron Benefits : आमतौर पर केसर के धागों को पकवानों में डालने से पहले थोड़े से दूध में भिगोया जाता है, ताकि उनका रंग और खुशबू अच्छे से निकल सके। भारतीय रसोई में केसर का इस्तेमाल लंबे समय से होता आ रहा है, लेकिन सर्दियों में इसके लाभ और भी बढ़ जाते हैं। इसकी गर्म तासीर ठंड के मौसम में शरीर को भीतर से ऊर्जावान बनाए रखने में मदद करती है।
प्रचुर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट
Saffron Benefits : केसर में प्रचुर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो शरीर को ऊर्जा देने के साथ-साथ संक्रमण से बचाने में सहायक होते हैं। यह ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस और फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान को कम करता है। सरल शब्दों में कहें तो यह शरीर में तनाव बढ़ाने वाले मुक्त कणों की संख्या को नियंत्रित करता है। सुबह के समय केसर और अदरक के साथ गुनगुना पानी पीना लाभकारी माना जाता है, क्योंकि यह पाचन तंत्र को मजबूत करने और आंतों की सफाई में मदद करता है।
मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी उपयोगी
Saffron Benefits : मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी केसर को बेहद उपयोगी माना गया है। यह याददाश्त और सोचने-समझने की क्षमता को बेहतर बनाता है। पढ़ाई या शिक्षण से जुड़े लोगों के लिए केसर का सेवन विशेष रूप से लाभकारी हो सकता है। साथ ही यह उम्र के साथ आने वाली मानसिक कमजोरी को कम करने में भी सहायक माना जाता है। इसके लिए केसर को दूध के साथ लेने की सलाह दी जाती है।
संक्रमण से बचाव में सहायक
इसके अलावा केसर शरीर को गर्म रखने में मदद करता है और सर्दी-खांसी व वायरल संक्रमण से बचाव में भी सहायक है। इसमें मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण शरीर की सूजन को कम करने में मदद करते हैं और पुरानी सूजन से राहत दिलाने में भी सहायक माने जाते हैं। केसर के एंटी-डिप्रेसेंट गुण मानसिक तनाव को कम करने में मदद करते हैं, जबकि इसकी सुगंध मन को शांति और सुकून देने का काम करती है।







