'एन पी एन लाइव'

UP BJP President : उत्तर प्रदेश भाजपा को मिला नया नेतृत्व, सात बार के सांसद पंकज चौधरी बने प्रदेश अध्यक्ष

SHARE:

UP BJP President: Pankaj Chaudhary Elected as New State Chief

लखनऊ, 14 दिसंबर। UP BJP President : उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और सात बार के सांसद पंकज चौधरी को पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। केंद्रीय पर्यवेक्षकों ने औपचारिक रूप से उनके नाम की घोषणा की।

दाखिल हुआ था एकमात्र नामांकन

UP BJP President : शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए पंकज चौधरी का एकमात्र नामांकन दाखिल होने के बाद उनका निर्विरोध चुना जाना तय हो गया था। रविवार को राजधानी लखनऊ स्थित राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उनके नाम की औपचारिक घोषणा की गई। प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचन के केंद्रीय प्रभारी और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल तथा प्रदेश चुनाव अधिकारी व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने उनके नाम की घोषणा की।

वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

UP BJP President : इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, निवर्तमान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि यह संगठन की मजबूती का प्रमाण है कि भाजपा आज इस ऊंचाई पर पहुंची है।

जैसे ही पंकज चौधरी के नाम की घोषणा हुई, पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। निवर्तमान अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने पार्टी का ध्वज नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष को सौंपा। इसी कार्यक्रम में राष्ट्रीय परिषद के 120 नवनिर्वाचित सदस्यों के नामों की भी घोषणा की गई।

2 करोड़ 60 लाख पहुंची प्राथमिक सदस्यों की संख्या

UP BJP President : डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने बताया कि पार्टी के प्राथमिक सदस्यों की संख्या 2 करोड़ 60 लाख तक पहुंच चुकी है और प्रदेश की 98 जिला इकाइयों में संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।

उत्तर प्रदेश से राष्ट्रीय परिषद के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केशव प्रसाद मौर्य (प्रयागराज), बृजेश पाठक (उन्नाव), भूपेंद्र चौधरी (संभल), स्मृति ईरानी (सुलतानपुर), स्वतंत्र देव सिंह और सूर्य प्रताप शाही (सलेमपुर) को कार्य परिषद सदस्य चुना गया है।

ओबीसी वर्ग का मजबूत चेहरा

UP BJP President : गौरतलब है कि पंकज चौधरी सात बार के सांसद रह चुके हैं। भाजपा ने सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए कुर्मी समुदाय से आने वाले पंकज चौधरी को यह जिम्मेदारी सौंपी है। उनके नेतृत्व में पार्टी ने पीडीए राजनीति की काट तलाशने की रणनीति अपनाई है। उन्हें ओबीसी वर्ग का मजबूत चेहरा माना जाता है और वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भरोसेमंद नेताओं में गिने जाते हैं। संगठनात्मक अनुभव और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उन्हें यह अहम पद सौंपा गया है।

ohm verma
Author: ohm verma

Om Verma (ohm verma) is a graduate from Motilal Nehru College of Delhi University. He has done Journalism and Mass Communication from Kurukshetra University. He has worked in Hari Bhoomi newspaper published from Haryana. After this, he worked for Dainik Jagran as Chief Sub Editor for a long time. He held many important roles in the Noida office. During this time, he participated in debates on many national TV channels.

Leave a Comment