सिडनी, 14 दिसंबर। Sydney Shooting : ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर स्थित प्रसिद्ध बोंडी बीच पर रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो हमलावरों ने वहां मौजूद लोगों पर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। रविवार होने के कारण बीच पर भारी भीड़ मौजूद थी। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बड़ी संख्या में यहूदी समुदाय के लोग भी वहां मौजूद थे, जो आठ दिवसीय पवित्र पर्व हनुक्का के पहले दिन के आयोजन में शामिल होने के लिए एकत्र हुए थे।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों हमलावरों को काबू में कर लिया। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, एक हमलावर को पुलिस ने गोली मारी, जबकि दूसरे को गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्रधानमंत्री ने जताया दुख
Sydney Shooting : प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने बयान जारी करते हुए कहा कि बोंडी बीच के दृश्य बेहद चौंकाने वाले और परेशान करने वाले हैं। पुलिस और आपातकालीन सेवाएं मौके पर लोगों की जान बचाने में जुटी हुई हैं। उन्होंने कहा कि उनकी संवेदनाएं सभी पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं। प्रधानमंत्री ने बताया कि उन्होंने ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस कमिश्नर और न्यू साउथ वेल्स के प्रीमियर से बात की है और राज्य पुलिस के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से एनएसडब्ल्यू पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की।
इलाके में दहशत
Sydney Shooting : प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कैंपबेल परेड के पास लोगों ने 12 से लेकर करीब 50 राउंड तक गोलियों की आवाजें सुनीं। कई लोग जमीन पर गिरे हुए दिखाई दिए, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
बीच पर सैकड़ों लोग मौजूद थे
Sydney Shooting : यह घटना शाम करीब 6:30 से 6:45 बजे (स्थानीय समय) के बीच हुई, जब बीच पर सैकड़ों लोग मौजूद थे। गोलीबारी हनुक्का पर्व के पहले दिन आयोजित “चानुका बाय द सी” कार्यक्रम के दौरान हुई। चश्मदीदों का कहना है कि काले कपड़ों में दो लोगों ने राइफल या शॉटगन से ताबड़तोड़ फायरिंग की।
न्यू साउथ वेल्स एंबुलेंस सर्विस के मुताबिक इस घटना में कम से कम 10 लोग घायल हुए हैं।
इलाके को किया सील
Sydney Shooting : घटना के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने और क्षेत्र से दूर रहने की सलाह दी गई है। मौके पर हेलिकॉप्टर, एम्बुलेंस और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे घटना स्थल के आसपास न जाएं और यदि कोई वहां मौजूद है तो तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचें। जांच जारी है और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है।







