नई दिल्ली, 13 दिसंबर। Parliament Attack Tribute : संसद भवन पर हुए आतंकी हमले की 24वीं बरसी पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शहीद सुरक्षाकर्मियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने भी अपने-अपने संदेशों के जरिए वीर जवानों के साहस और बलिदान को नमन किया।
अमित शाह ने यह लिखा
Parliament Attack Tribute : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि आज का दिन आतंकवाद के खिलाफ हमारे सुरक्षाबलों के अदम्य साहस और शौर्य को याद करने का है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2001 में विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के मंदिर संसद भवन पर हुए कायराना हमले को सुरक्षाकर्मियों ने अपने अद्वितीय जज्बे से नाकाम किया। देश की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए जवानों को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्र उनके त्याग और बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा।
राजनाथ सिंह ने यह कहा
Parliament Attack Tribute : रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी ‘एक्स’ पर अपने संदेश में संसद हमले के दौरान ढाल बनकर खड़े रहे बहादुर सुरक्षाकर्मियों को याद किया। उन्होंने कहा कि इन जवानों ने लोकतंत्र की आत्मा की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनका साहस, सर्वोच्च बलिदान और कर्तव्यनिष्ठा हमेशा देश की चेतना को प्रेरित करती रहेगी।
रेखा गुप्ता ने भी दी श्रद्धांजलि
Parliament Attack Tribute : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संदेश में कहा कि वर्ष 2001 में संसद भवन पर हुए कायराना आतंकी हमले में मां भारती की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी वीर सपूतों को विनम्र श्रद्धांजलि। उनका बलिदान भारत की लोकतांत्रिक आत्मा की रक्षा के प्रति अडिग संकल्प का प्रतीक है और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा।
योगी ने यह कहा
Parliament Attack Tribute : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी शहीदों को नमन करते हुए कहा कि संसद भवन पर हुआ आतंकी हमला राष्ट्र की स्वायत्तता, स्वाभिमान और लोकतांत्रिक शक्ति पर क्रूर आघात था। उन्होंने कहा कि इस हृदयविदारक घटना में अपने प्राणों की आहुति देकर संसद की गरिमा और देश की रक्षा करने वाले अमर वीरों के प्रति राष्ट्र सदैव कृतज्ञ रहेगा।







