सासाराम, 9 नवंबर। Nitish Kumar : बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार के अंतिम दिन सियासी सरगर्मी अपने चरम पर रही। रविवार को जहां महागठबंधन की ओर से तेजस्वी यादव, राहुल गांधी और मुकेश सहनी ने चुनावी सभाओं के ज़रिए प्रचार संभाला, वहीं एनडीए की ओर से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनसभाओं को संबोधित किया।
सीएम नीतीश कुमार ने रविवार को रोहतास जिले के विक्रमगंज, नोखा और करगहर में जनसभाओं को संबोधित करते हुए राजद पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने 2005 से बिहार को नई दिशा दी, जब राज्य पूरी तरह पिछड़ेपन और अराजकता में था। उस दौर में न सड़कें थीं, न कानून-व्यवस्था। लोग शाम ढलते ही घरों से निकलने से डरते थे।
पहले सत्ता परिवार के इर्द गिर्द थी
Nitish Kumar : उन्होंने कहा कि पहले के शासन में सत्ता सिर्फ परिवार के इर्द-गिर्द घूमती थी। विकास पर किसी का ध्यान नहीं था। लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि जब उन्हें मुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ा, तो उन्होंने अपनी पत्नी को सीएम बना दिया। यह सरकार जनता की नहीं, परिवार की बनकर रह गई थी।
हमने बुनियादी ढांचे में सुधार किया
Nitish Kumar : मुख्यमंत्री ने कहा कि आज वही लोग फिर से सत्ता पाने का सपना देख रहे हैं, लेकिन बिहार की जनता अब सब कुछ समझ चुकी है। लोग जानते हैं कि किसने काम किया और किसने सिर्फ नारे दिए। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार को अंधकार से निकालकर शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे में सुधार किया है।
आज निडर हैं लोग
Nitish Kumar : उन्होंने कहा, “हमने अपराधियों पर कार्रवाई की, पुलिस व्यवस्था को सशक्त बनाया और लोगों में विश्वास जगाया कि अब बिहार में कानून का राज है। आज लोग निडर होकर यात्रा कर सकते हैं।”
सीएम नीतीश कुमार ने जनता से अपील की कि वे बिहार के विकास में अपना योगदान दें और ‘विकसित बिहार’ के निर्माण में एनडीए का साथ दें।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने हमेशा ‘विकास के साथ न्याय’ के सिद्धांत पर काम किया है। गरीबों, दलितों, पिछड़ों और महिलाओं को सशक्त किया गया है। पंचायती राज में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया, ताकि वे निर्णय प्रक्रिया में भागीदार बन सकें। साथ ही सरकारी नौकरियों में भी आरक्षण बढ़ाया गया है।







