अरवल, 9 नवंबर। Amit Shah Bihar : बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को अरवल में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि “बिहार में लाल झंडे की आड़ में नक्सलवाद को फिर से जीवित करने की कोशिश की जा रही है।” शाह ने जनता को आगाह किया कि यह प्रदेश अब फिर से अराजकता और हिंसा की राह पर नहीं लौटना चाहिए।
नीतीश ने जंगलराज का सफाया किया
Amit Shah Bihar : उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी ने मिलकर बिहार से नक्सलवाद, जंगलराज और अपहरण उद्योग का सफाया किया है।
“अब किसी की हिम्मत नहीं है कि बिहार में फिरौती, खून-खराबा या नक्सली आतंक फैलाए। मोदी जी और नीतीश जी ने बिहार को भयमुक्त बनाया है,” शाह ने कहा।
निवेश लाने के लिए काम कर रही नीतीश सरकार
Amit Shah Bihar : उन्होंने आगे कहा कि बिहार में एनडीए सरकार उद्योग और निवेश लाने की दिशा में काम कर रही है, जबकि “लाल झंडे वाले” लोग विकास की राह में बाधा डालना चाहते हैं।
“मैं अरवल की जनता से कहता हूं — इन लाल झंडे वालों को यहीं रोक दीजिए। अगर यह पटना तक पहुंच गए तो बिहार में कोई उद्योग नहीं आएगा, कोई रोजगार नहीं बनेगा,” शाह ने चेताया।
‘पहले चरण में ही लालू की पार्टी साफ’
Amit Shah Bihar : गृह मंत्री ने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि पहले चरण के चुनाव में ही राजद का “सूपड़ा साफ” हो गया है। उन्होंने कहा, “पहले चरण के नतीजों ने तय कर दिया है कि बिहार में फिर से एनडीए की सरकार बनने जा रही है।”
‘राहुल गांधी घुसपैठियों के समर्थन में यात्रा निकाल रहे हैं’
Amit Shah Bihar : शाह ने कांग्रेस और राहुल गांधी को भी निशाने पर लेते हुए कहा— “राहुल गांधी ऐसे नेता हैं जिनके कपड़ों पर 15 दिन तक धूल नहीं लगती, फिर भी वे घुसपैठियों के लिए यात्रा निकालते हैं। ये घुसपैठिए बिहार के युवाओं की नौकरियां छीनते हैं, गरीबों के हिस्से में सेंध लगाते हैं और देश की सुरक्षा के लिए खतरा बनते हैं।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उनके सहयोगी दल बिहार की सुरक्षा को दांव पर लगा रहे हैं।
“राहुल गांधी जितनी चाहें यात्राएं निकाल लें — बिहार से लेकर इटली तक — लेकिन हम बिहार से एक-एक घुसपैठिए को बाहर निकालकर रहेंगे,” शाह ने दृढ़ स्वर में कहा।
कांग्रेस ने बाबा साहेब और जगजीवन राम का अपमान किया
Amit Shah Bihar : अमित शाह ने कांग्रेस पर दलित नेताओं का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि
“कांग्रेस ने डॉ. भीमराव आंबेडकर का जीवनभर विरोध किया। उन्हें भारत रत्न तब मिला जब कांग्रेस सत्ता से बाहर हो गई। बाबा साहेब हमारे लिए श्रद्धा हैं, कांग्रेस के लिए सिर्फ वोट बटोरने का साधन।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बाबू जगजीवन राम को भी अपमानित किया और उन्हें प्रधानमंत्री नहीं बनने दिया।
एनडीए लाता है विकास, महागठबंधन लाता है अराजकता
Amit Shah Bihar : शाह ने कहा कि जब भी एनडीए की सरकार बनी है, बिहार में सड़कें, बिजली, उद्योग और रोजगार आए हैं। लेकिन जब भी महागठबंधन की सरकार आई, तब नरसंहार, खून-खराबा और जातीय हिंसा बढ़ी।
“एनडीए जब आता है तो विकास होता है और महागठबंधन जब आता है तो अराजकता लौट आती है,” शाह ने कहा।
महिलाओं और गरीबों के लिए योजनाओं का जिक्र
Amit Shah Bihar : उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।
“महिलाओं के खातों में 10 हजार रुपये भेजे गए हैं और आने वाले समय में दो लाख रुपये और दिए जाएंगे। यह राशि कोई वापस नहीं ले सकता,” उन्होंने कहा।
शाह ने आगे कहा कि मोदी सरकार ने महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन दिया है।
राम मंदिर और सीतामढ़ी का जिक्र
Amit Shah Bihar : अमित शाह ने अयोध्या में बने भव्य श्रीराम मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आस्था और संस्कृति के गौरव का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि सीतामढ़ी में मां जानकी की जन्मस्थली पर भव्य मंदिर बनाने की योजना पर भी काम हो रहा है।
“एनडीए सरकार ही आस्था और विकास दोनों का सम्मान करती है,” उन्होंने कहा।
सभा के अंत में गृह मंत्री ने जनता से अपील की कि बिहार को फिर से “जंगलराज” और “नक्सलवाद” की ओर जाने से रोकें और विकास, सुरक्षा और सुशासन के लिए एनडीए उम्मीदवारों को वोट दें।







