Jharkhand Air Crash : झारखंड एयर एंबुलेंस हादसा: इलाज की उम्मीद टूटी
रांची, 24 फरवरी। Jharkhand Air Crash : झारखंड की राजधानी रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एंबुलेंस 23 फरवरी की शाम उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद चतरा जिले के करमाटांड़ के पास जंगल क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस भीषण हादसे में विमान में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई।
एयर एंबुलेंस संजय साहू (कुमार) को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जा रही थी। लातेहार जिले के चंदवा निवासी और होटल संचालक संजय 16 फरवरी को आग की घटना में 55 से 65 प्रतिशत तक झुलस गए थे। रांची के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन हालत गंभीर होने पर परिवार ने उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली ले जाने का फैसला किया।
उनके साथ उनकी पत्नी, भांजे सहित एक डॉक्टर और एक पैरामेडिक स्टाफ मौजूद थे।
कौन-कौन थे विमान में सवार?
Jharkhand Air Crash : एयर एंबुलेंस में कुल सात लोग सवार थे:
- मरीज संजय साहू
- उनकी पत्नी
- एक अन्य परिजन
- एक डॉक्टर
- एक पैरामेडिक
- पायलट
- को-पायलट
सदर अस्पताल के अधीक्षक पंकज कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचने पर सभी लोग मृत पाए गए, हालांकि शुरुआती समय में औपचारिक पहचान की पुष्टि नहीं हो पाई थी।

ग्रामीणों ने सुनी जोरदार धमाके की आवाज
Jharkhand Air Crash : स्थानीय युवकों के अनुसार, शाम के समय अचानक आसमान से तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। कुछ ही देर में जंगल की दिशा से धुआं उठता दिखा। ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े, जहां विमान का मलबा बिखरा पड़ा था।
एक युवक ने बताया कि उसका घर घटनास्थल से करीब साढ़े तीन किलोमीटर दूर है, लेकिन धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि पूरे इलाके में गूंज उठी।

प्रशासनिक अमला मौके पर, सात शव बरामद
Jharkhand Air Crash : ग्रामीणों के सहयोग से जिला प्रशासन, पुलिस और राहत दल ने सर्च ऑपरेशन चलाया। मलबे से सात शव बरामद किए गए।
चतरा की उपायुक्त कीर्ति श्री, एसपी सुमित कुमार अग्रवाल, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार और सिमरिया एसडीओ महेश्वरी यादव समेत कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।

23 मिनट बाद टूटा संपर्क
Jharkhand Air Crash :नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के अनुसार, रेड बर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड का बीचक्राफ्ट सी90 विमान रांची से शाम 7:11 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। कोलकाता एटीसी से संपर्क के दौरान खराब मौसम के कारण मार्ग परिवर्तन का अनुरोध किया गया।
लेकिन शाम 7:34 बजे, कोलकाता से लगभग 100 समुद्री मील दक्षिण-पूर्व में विमान का संचार और रडार संपर्क अचानक टूट गया। इसके बाद विमान चतरा जिले की कसरिया पंचायत क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
जांच शुरू, कारण अब भी अस्पष्ट
Jharkhand Air Crash : नागरिक उड्डयन विभाग ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे की असली वजह का खुलासा विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि जिंदगी बचाने की कोशिश में निकली उड़ान भी कभी-कभी त्रासदी में बदल जाती है।







