Meerut Fire Tragedy : नमाज के दौरान मचा कोहराम
मेरठ, 24 फरवरी। Meerut Fire Tragedy : उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के इस्लामाबाद गली नंबर-3 में कपड़ा व्यापारी इकबाल के घर में अचानक भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक घटना में पांच मासूम बच्चों और एक महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से झुलस गई है।
हादसे के समय घर के पुरुष सदस्य नमाज पढ़ने मस्जिद गए हुए थे। इसी दौरान पड़ोसियों ने घर से उठती लपटें और धुआं देखा। सूचना मिलते ही परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी।
मोहम्मद फारुख ने बताया कि नमाज के दौरान उन्हें पड़ोसी से आग लगने की सूचना मिली। अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि उनकी बेटी समेत परिवार के कई सदस्यों की मौत हो चुकी है। मृतकों में रुखसार, अकदस और जुड़वा बेटियां अनामिका व इनाया भी शामिल हैं।
तीन मिनट में पहुंची इमरजेंसी टीम
Meerut Fire Tragedy : एसएसपी अविनाश पांडे के अनुसार, सोमवार शाम करीब 8:49 बजे आग लगने की सूचना मिली। महज तीन मिनट के भीतर 112 नंबर की इमरजेंसी गाड़ी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई टीमें पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
घर में फंसे सात लोगों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक महिला और पांच बच्चों को मृत घोषित कर दिया। एक महिला का इलाज जारी है।
शॉर्ट सर्किट से आग की आशंका
Meerut Fire Tragedy : जिला मजिस्ट्रेट वीके सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या किसी विद्युत उपकरण में खराबी माना जा रहा है। आशंका है कि आग पहले किसी बिजली उपकरण में लगी और फिर घर में रखे कपड़ों तक फैल गई, जिससे आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।
बिजली विभाग और अग्निशमन विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं। विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार है।
मदद का प्रस्ताव, परिवार ने किया इनकार
Meerut Fire Tragedy : स्थानीय विधायक रफीक अंसारी ने बताया कि उन्होंने परिवार को हरसंभव मदद की पेशकश की, लेकिन परिवार ने सहायता लेने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि वे इस दुख की घड़ी में खुद ही स्थिति संभालना चाहते हैं।
पूरे इलाके में शोक की लहर
इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।







