'एन पी एन लाइव'

Chatra Air Crash : झारखंड में दर्दनाक हादसा, चतरा में एयर एंबुलेंस क्रैश, सात जिंदगियां थमीं

SHARE:

Chatra Air Crash: 7 Dead in Jharkhand Air Ambulance Tragedy

Chatra Air Crash : उड़ान के 23 मिनट बाद टूटा संपर्क

रांची/चतरा, 23 फरवरी। Chatra Air Crash : झारखंड की राजधानी रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली रेड बर्ड एविएशन की एयर एंबुलेंस सोमवार देर शाम चतरा जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस भीषण हादसे में विमान में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई।

यह एयर एंबुलेंस रांची के 41 वर्षीय संजय कुमार को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जा रही थी। वे हाल ही में आग की घटना में गंभीर रूप से झुलस गए थे और देवकमल हॉस्पिटल में भर्ती थे।

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के अनुसार, विमान ने शाम 7:11 बजे रांची से उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान 7:34 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल से उसका संपर्क अचानक टूट गया।

कोलकाता एटीसी से संपर्क स्थापित करने के बाद पायलट ने खराब मौसम के कारण मार्ग परिवर्तन की अनुमति मांगी थी। लेकिन कुछ ही मिनटों बाद रडार और संचार संपर्क समाप्त हो गया।

जंगल में गिरा विमान, ग्रामीणों ने सुनी तेज धमाके की आवाज

Chatra Air Crash :  प्राप्त जानकारी के मुताबिक, विमान चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के करमाटांड़ गांव के पास जंगल में क्रैश हुआ। स्थानीय लोगों ने तेज धमाके की आवाज सुनने और धुएं का गुबार उठते देखने के बाद प्रशासन को सूचना दी।

इसके तुरंत बाद पुलिस, जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं।

कौन-कौन थे विमान में सवार?

Chatra Air Crash :  इस एयर एंबुलेंस में कुल सात लोग सवार थे:

  • मरीज: संजय कुमार
  • पायलट: विवेक विकास भगत
  • सह-पायलट: सबराजदीप सिंह
  • डॉक्टर: विकास कुमार गुप्ता
  • नर्स: सचिन कुमार मिश्रा
  • परिजन: अर्चना देवी और ध्रुव कुमार
बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन, जांच के आदेश

Chatra Air Crash : संपर्क टूटने के तुरंत बाद संबंधित एजेंसियों ने हाई अलर्ट जारी कर व्यापक सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। रडार डेटा और अंतिम लोकेशन के आधार पर तलाशी अभियान चलाया गया।

स्थानीय प्रशासन, पुलिस बल और आपदा प्रबंधन की टीमें संयुक्त रूप से अभियान में जुटी हैं। दुर्घटना की जांच के लिए एएआइबी (Aircraft Accident Investigation Bureau) की टीम को भेजा जा रहा है।

हादसे की वजह अब भी रहस्य

Chatra Air Crash : फिलहाल दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जानकारी में खराब मौसम को एक संभावित कारण माना जा रहा है, लेकिन विस्तृत जांच के बाद ही आधिकारिक बयान सामने आएगा।

चतरा के एसपी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

यह हादसा न सिर्फ झारखंड, बल्कि पूरे देश के लिए गहरा सदमा है — जहां जिंदगी बचाने के मिशन पर निकली उड़ान खुद हादसे का शिकार हो गई।

Leave a Comment