ब्रिटिश कोलंबिया, 11 फरवरी। Canada School Shooting : कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में एक दर्दनाक सामूहिक गोलीबारी की घटना में हमलावर सहित कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच जारी है।
Canada School Shooting : स्कूल परिसर बना मातम का केंद्र
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना मंगलवार (स्थानीय समय) को टंबलर रिज स्थित एक हाई स्कूल में हुई। रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) के मुताबिक, स्कूल के अंदर छह लोगों के शव बरामद हुए। एक अन्य व्यक्ति ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि संदिग्ध हमलावर भी मृत पाया गया और प्रारंभिक जांच के अनुसार उसकी मौत खुद को पहुंचाई गई चोट के कारण हुई।
पास के घर से भी मिले दो शव
Canada School Shooting : घटना से जुड़े एक घर से दो और लोगों के शव बरामद किए गए हैं। पुलिस का मानना है कि इस घर का संबंध स्कूल में हुई गोलीबारी से हो सकता है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
विधायक लैरी न्यूफेल्ड ने जताया गहरा दुख
Canada School Shooting : स्थानीय विधायक (MLA) लैरी न्यूफेल्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वे स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने पुष्टि की कि कई लोगों की मौत हुई है और ‘एक्टिव शूटर अलर्ट’ हटा लिया गया है, लेकिन जांच जारी है।
उन्होंने कहा— “मैं फर्स्ट रेस्पॉन्डर्स, स्कूल स्टाफ और स्थानीय अधिकारियों का धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने बेहद कठिन हालात में त्वरित और पेशेवर प्रतिक्रिया दी। मेरी संवेदनाएं छात्रों, शिक्षकों, परिवारों और पूरी टंबलर रिज कम्युनिटी के साथ हैं। यह एक छोटा और आपस में जुड़ा हुआ शहर है, जहां इस तरह की घटना हर व्यक्ति को प्रभावित करती है।”
जांच पूरी होने तक धैर्य रखने की अपील
न्यूफेल्ड ने लोगों से अपील की कि वे पुलिस को निष्पक्ष जांच के लिए समय दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें। उन्होंने यह भी कहा कि घटना से मानसिक या भावनात्मक रूप से प्रभावित लोग उनसे संपर्क कर सकते हैं।
हमले के कारणों की जांच जारी
पुलिस ने बताया कि गोलीबारी के पीछे के कारणों की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल संदिग्ध के बारे में कोई अतिरिक्त जानकारी साझा नहीं की गई है।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को सदमे में डाल दिया है। आगे की जानकारी का इंतजार है।







