पटना, 15 नवंबर। BJP Action Bihar : बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री आरके सिंह, कटिहार की मेयर ऊषा अग्रवाल और एमएलसी अशोक अग्रवाल को पार्टी से निलंबित किया है। यह कदम पार्टी के अनुशासन का उल्लंघन और पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते उठाया गया है।
भाजपा की ओर से जारी आधिकारिक आदेश में कहा गया है, “आपकी गतिविधियां पार्टी के विरोध में हैं और यह अनुशासन के दायरे में आता है। पार्टी ने इसे गंभीरता से लिया है क्योंकि इससे पार्टी की छवि को नुकसान हुआ है। आपको पार्टी से निलंबित किया जा रहा है और आपसे कारण-पूछा जाता है कि आपको पार्टी से क्यों न निष्कासित किया जाए। कृपया पत्र प्राप्त होने के एक सप्ताह के अंदर अपनी स्थिति स्पष्ट करें।”
यह बिहार विधानसभा चुनाव के बाद बागी नेताओं पर भाजपा का पहला बड़ा एक्शन है।
अपनाया था बगावती रुख
BJP Action Bihar : गौरतलब है कि चुनाव के दौरान आरके सिंह ने पार्टी के भीतर बगावती रुख अपनाया था। वे कई मौकों पर पार्टी के नेताओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते दिखे और कथित भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। इसके अलावा उन्होंने जन-सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर द्वारा उठाए गए एनडीए के नेताओं पर आरोपों का समर्थन भी किया था।
सितंबर में दिया था यह बयान
BJP Action Bihar : सितंबर में एक सभा के दौरान आरके सिंह ने कहा था, “मैं बिहार का गृह सचिव भी रह चुका हूं। मेरे पास सबका हिसाब है। अगर कोई चू-चपड़ करेगा, तो सबकी बखिया उधेड़ देंगे। बिहार के लोग भ्रष्ट नेताओं को बर्दाश्त नहीं करेंगे। भ्रष्ट और चरित्रहीन नेता समाज के लिए बोझ हैं।”
शराबबंदी खत्म करने की वकालत की थी
पूर्व केंद्रीय मंत्री आरके सिंह बिहार सरकार और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ भी मुखर रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से राज्य में शराबबंदी खत्म करने की वकालत की थी।
Author: ohm verma
Om Verma (ohm verma) is a graduate from Motilal Nehru College of Delhi University. He has done Journalism and Mass Communication from Kurukshetra University. He has worked in Hari Bhoomi newspaper published from Haryana. After this, he worked for Dainik Jagran as Chief Sub Editor for a long time. He held many important roles in the Noida office. During this time, he participated in debates on many national TV channels.







