'एन पी एन लाइव'

Bihar: मुजफ्फरपुर घटना के खिलाफ महिला राजद ने पटना में निकाला आक्रोश मार्च

SHARE:

Bihar

डिजिटल डेस्क, नयी दिल्ली। Bihar : बिहार के मुजफ्फरपुर में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामला तूल पकड़ता जा रहा है। वहीं, राज्य के अस्पतालों में मरीजों के साथ बदतमीजी बढ़ती जा रही है। इन मामलों को लेकर मंगलवार को महिला राजद ने पटना में आक्रोश मार्च निकाला। मार्च का नेतृत्व पार्टी के महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष रितु जायसवाल ने किया।

राजद प्रदेश कार्यालय से निकला यह मार्च आयकर गोलंबर पहुंचा, जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन किया गया। रितु जायसवाल ने कहा कि राज्य में लगातार दुष्कर्म, हत्या और लूट की घटनाएं हो रही हैं। मुजफ्फरपुर के कुढ़नी में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में समस्त सरकारी व्यवस्था संवेदनहीन दिखी। मानवीय संवेदना पूरी तरह से समाप्त होने तथा मानवता को शर्मसार करने वाली इस घटना पर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे द्वारा इस मामले की लीपा-पोती की कार्रवाई से ही स्पष्ट होता है कि सरकार अपनी कमियों को छुपाना चाहती है।

पीएमसीएच में लापरवाही

Bihar : उन्होंने कहा कि पीएमसीएच की लापरवाही के कारण बच्ची की मौत हुई। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही और बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना के बाद भी सरकार के स्तर से इस मामले में गंभीरता नहीं दिखाए जाने के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल महिला प्रकोष्ठ की ओर से आक्रोश मार्च निकाला गया।

पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने बताया कि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के घटनास्थल के दौरे के बाद सरकार की नींद खुली है। इससे पहले मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्री पूरी तरह से इस मामले में लापरवाही दिखा रहे थे और सरकार की गंभीरता नहीं दिख रही थी।

बड़ी संख्या में महिलाओं ने लिया भाग

Bihar :  आक्रोश मार्च में विधान पार्षद उर्मिला ठाकुर, पूर्व विधायक प्रेमा चौधरी, प्रदेश प्रवक्ता सारिका पासवान, महिला राजद की पूर्व अध्यक्ष आभा लता सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई