डिजिटल डेस्क, नयी दिल्ली। Rape incident : बिहार के मुजफ्फरपुर में एक नौ वर्षीय बच्ची के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म और उसकी हत्या को लेकर विपक्ष ने सरकार पर ‘हल्ला बोल’ दिया है। साथ ही राज्य की कानून—व्यवस्था पर सवाल उठाया है। राज्य के विपक्षी दल सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर आए हैं। पटना हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं ने भी विरोध मार्च निकाला। विपक्ष की घेराबंदी के बाद राज्य सरकार हरकत में आ गई है। एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर की अधीक्षक को निलंबित कर दिया गया है। पीएमसीएच पटना के प्रभारी उपाधीक्षक को पदमुक्त कर दिया गया है।
सम्राट चौधरी ने यह कहा
राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को कहा कि मुजफ्फरपुर में दुष्कर्म पीड़िता की चिकित्सा में लापरवाही के कारण मौत की घटना को राज्य सरकार ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना से संबंधित दो मेडिकल कॉलेज अस्पतालों के शीर्ष चिकित्सा पदाधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई है। किसी को बख्शा नहीं जाएगा। दुष्कर्म के दोषियों को स्पीडी ट्रायल चलाकर सजा दिलाई जाएगी।
जांच के आदेश दिए गए
चौधरी ने बताया कि पीड़िता की चिकित्सा में घोर लापरवाही और दूसरे अस्पताल भेजने की उचित प्रक्रिया का पालन नहीं करने के कारण श्रीकृष्ण चिकित्सा महाविद्यालय (एसकेएमसीएच), मुजफ्फरपुर की अधीक्षक डॉ. विभा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दुष्कर्म के बाद नाबालिग बच्ची के इलाज में जिस स्तर पर भी लापरवाही बरती गई, उसकी विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं।
पीएमसीएच के प्रभारी उपाधीक्षक पदमुक्त
उन्होंने कहा कि इसी मामले में कर्तव्यहीनता बरतने के कारण पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच), पटना के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. अभिजीत सिंह को पद मुक्त कर दिया गया है।
विपक्ष को राजनीति नहीं करनी चाहिए
Rape incident : उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार की सरकार हर तरह के अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करती है। मुजफ्फरपुर की घटना में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन पर कड़ी कार्रवाई होगी। इस घटना पर विपक्ष को राजनीति नहीं करनी चाहिए।
यह है मामला
Rape incident : उल्लेखनीय है कि मुजफ्फरपुर में दुष्कर्म के बाद जीवन के लिए संघर्ष कर रही एक मासूम बच्ची की रविवार को एक सरकारी अस्पताल में मौत हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि नाबालिग के साथ 26 मई को मुजफ्फरपुर स्थित उसके गांव में दुष्कर्म किया गया था। शनिवार को गंभीर हालत में पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई थी।
बिहार युवा कांग्रेस ने सोमवार को इस घटना के विरोध में पटना में हल्लाबोल मार्च निकाला था जबकि मंगलवार को राजद महिला प्रकोष्ठ ने पटना में आक्रोश मार्च निकाला।







