ओम वर्मा, पटना। NDA Leads: बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच जारी है। शुरुआती रुझानों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाला एनडीए स्पष्ट बढ़त बनाए हुए है।
मोकामा की चर्चित सीट पर जदयू उम्मीदवार अनंत सिंह ने बढ़त हासिल कर ली है। वहीं, सीवान से मंत्री मंगल पांडेय फिलहाल पीछे चल रहे हैं। चुनाव आयोग द्वारा जारी ताज़ा रुझानों के अनुसार, एनडीए के घटक दल भाजपा 48 सीटों पर आगे है, जबकि जदयू ने 47 सीटों पर बढ़त बनाई है।
लोजपा (रामविलास) इतनी सीटों पर आगे
NDA Leads: लोजपा (रामविलास) 13 और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा तीन सीटों पर आगे चल रही हैं। उधर, महागठबंधन की ओर से राजद 23 सीटों पर और कांग्रेस सात सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। एआइएमआइएम और वीआइपी ने भी एक-एक सीट पर बढ़त बना ली है।
बेतिया से रेणु देवी आगे
NDA Leads: प्रमुख सीटों की बात करें तो बेतिया से पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी आगे हैं। अलीनगर से मैथिली ठाकुर और राघोपुर से तेजस्वी यादव बढ़त बनाए हुए हैं। तारापुर में सम्राट चौधरी भी आगे चल रहे हैं। शुरुआती रुझानों में एनडीए की स्थिति मजबूत दिख रही है। हालांकि, अंतिम नतीजों के लिए इंतज़ार ज़रूरी है।
पारदर्शिता से पूरी की जा रही प्रक्रिया
NDA Leads: मतगणना कार्य 243 रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) और समान संख्या में मतगणना पर्यवेक्षकों की निगरानी में चल रहा है। उम्मीदवारों और उनके अधिकृत एजेंटों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ पूरी की जा रही है।
सरकार बनाने के लिए 122 सीटों की जरूरत
NDA Leads: गौरतलब है कि 122 सीटों पर दूसरे चरण में मंगलवार को मतदान हुआ था। इसके साथ ही 243 विधानसभा सीटों के लिए मतदान प्रक्रिया पूरी हो गई। बिहार विधानसभा में बहुमत के लिए 122 सीटों की आवश्यकता होती है।
इस चुनाव में मुकाबला मुख्य रूप से नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले एनडीए और तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले महागठबंधन के बीच देखा जा रहा है।







