सासाराम, 17 अगस्त। Voter Rights Yatra: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा और आरएसएस संविधान को मिटाने पर
उतारू है। ऐसे में कांग्रेस संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने दावा किया कि बिहार के लोग वोटों की चोरी नहीं होने देंगे।
रविवार को राहुल गांधी ने बिहार में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ की शुरुआत की। इससे पहले उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर राजद के अध्यक्ष लालू यादव सहित महागठबंधन में शामिल सभी घटक दलों के नेता शामिल हुए।
राहुल गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह संविधान को बचाने की लड़ाई है। पूरे देश में भाजपा और आरएसएस संविधान को मिटाने पर तुले हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी चुनाव होता है, ये लोग जीतते हैं। उन्होंने महाराष्ट्र के चुनाव की चर्चा करते हुए कहा कि चुनाव से पहले सभी ओपिनियन पोल कह रहे थे कि इंडी गठबंधन चुनाव जीतेगा। लोकसभा में महागठबंधन जीतता है, लेकिन चार महीने में हम हार जाते हैं।

कर्नाटक चुनाव की भी चर्चा
Voter Rights Yatra: उन्होंने आगे कहा कि जब कार्रवाई हुई तब पता चला कि चुनाव आयोग ने एक करोड़ नए वोटर जादू से पैदा किए। उन्होंने कहा कि हमें उतना ही वोट मिला, लेकिन जितने नए वोटर बने, सभी भाजपा गठबंधन को मिले। उन्होंने इस दौरान कर्नाटक चुनाव की भी चर्चा की।

मुझसे एफिडेविट क्यों
Voter Rights Yatra: राहुल गांधी ने कहा, “मैंने ‘वोट चोरी’ पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की तो चुनाव आयोग ने मुझसे एफिडेविट मांगा। चुनाव आयोग कहता है, ‘आप एफिडेविट दें कि आपका डेटा सही है।’ ये डेटा चुनाव आयोग का है, मुझसे एफिडेविट क्यों मांगा जा रहा है?
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता वोटों की चोरी नहीं करने देगी क्योंकि गरीब कमजोर लोगों के पास सिर्फ वोट का हक है। आयोग जो कर रहा है, वो सबको पता है। चुनाव आयोग को हम यह नहीं करने देंगे।

एनडीए अरबपतियों के साथ
Voter Rights Yatra : राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि एनडीए अरबपतियों के साथ सरकार चलाता है। आप वोट डालते हैं, आपका वोट चोरी किया जाता है और आपका सारा पैसा 5-6 अरबपतियों को दे दिया जाता है।

जातीय जनगणना की चर्चा
Voter Rights Yatra: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जातीय जनगणना की चर्चा करते हुए कहा कि दबाव में आकर उन्होंने जाति जनगणना करवाने की घोषणा कर दी, लेकिन वे 50 प्रतिशत आरक्षण की दीवार नहीं तोड़ना चाहते। उन्होंने कहा कि जब हम लोग आएंगे तो जातीय जनगणना भी कराएंगे और 50 फीसदी आरक्षण का बैरियर भी समाप्त करेंगे। यही नहीं, वोट की चोरी भी नहीं होने देंगे।
Author: ohm verma
Om Verma (ohm verma) is a graduate from Motilal Nehru College of Delhi University. He has done Journalism and Mass Communication from Kurukshetra University. He has worked in Hari Bhoomi newspaper published from Haryana. After this, he worked for Dainik Jagran as Chief Sub Editor for a long time. He held many important roles in the Noida office. During this time, he participated in debates on many national TV channels.







