नई दिल्ली, 10 दिसंबर। Voter List Update : चुनाव आयोग ने सभी 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में चल रही विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआइआर) प्रक्रिया के तहत एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए निर्देश जारी किया है। आयोग ने मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को आदेश दिया है कि वे बूथ स्तर पर तैयार होने वाली अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दोहराए गए मतदाताओं (ASD) की सूची राजनीतिक दलों के बूथ स्तर एजेंटों के साथ साझा करें। यह वही मॉडल है, जिसे पहले बिहार में विशेष सुधार अभियान के दौरान सफलतापूर्वक लागू किया गया था।
ऐसे मतदाता होंगे एएसडी श्रेणी में शामिल
Voter List Update : आयोग के अनुसार बूथ स्तरीय अधिकारी यदि तीन बार से अधिक घर-घर जाकर भी किसी मतदाता से संपर्क नहीं कर पाए तो ऐसे मतदाताओं को एएसडी श्रेणी में शामिल किया गया है। अब आवश्यक है कि उनकी स्थिति की दोबारा पुष्टि की जाए, ताकि मतदाता सूची के प्रकाशन से पहले सभी त्रुटियों को दूर किया जा सके। इसी उद्देश्य से हर बूथ पर बीएलओ और राजनीतिक दलों के बीएलए आमने-सामने बैठक करेंगे और उन्हें पूरी एएसडी सूची सौंपी जाएगी।
समय रहते सुधारी जाए गलती
Voter List Update : चुनाव आयोग ने बताया कि इस प्रक्रिया में देशभर के लगभग 5 लाख बूथस्तरीय अधिकारी और 12 लाख से अधिक बूथस्तरीय एजेंट शामिल होंगे। बूथवार बैठकों के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए और किसी भी तरह की गलती समय रहते सुधारी जा सके।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में बूथवार, विधानसभा वार और जिला वार एएसडी सूची संबंधित जिला अधिकारियों और मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। यह सूची पहचान पत्र संख्या के आधार पर भी खोजी जा सकेगी।
बिहार वाली प्रणाली अब पूरे देश में
Voter List Update : बिहार में अपनाई गई यह पारदर्शी प्रणाली अब पूरे देश में लागू की जा रही है। आयोग का मानना है कि इससे न केवल मतदाता सूची अधिक सटीक होगी, बल्कि राजनीतिक दल भी सूची सुधार प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभा सकेंगे।
चुनाव आयोग ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को निर्देश दिया है कि वे समयबद्ध तरीके से इन आदेशों का पालन सुनिश्चित करें, ताकि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो सके।







