उधमपुर, 15 दिसंबर। Udhampur Encounter : जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार को आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। यह मुठभेड़ मजालता क्षेत्र के सोआन गांव में उस समय हुई, जब सुरक्षा एजेंसियों को इलाके में आतंकियों की मौजूदगी को लेकर पुख्ता खुफिया जानकारी मिली। इसी इनपुट के आधार पर संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया।
सर्च आपरेशन शुरू किया
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी), भारतीय सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीम ने पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तलाशी के दौरान जंगल में छिपे आतंकियों ने अचानक सुरक्षाबलों पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई।
आतंकियों को चारों ओर से घेरा
Udhampur Encounter : सुरक्षाबलों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आतंकियों को चारों ओर से घेर लिया। हालात पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखने के लिए अतिरिक्त जवानों को भी मौके पर तैनात किया गया है, ताकि किसी भी आतंकी के भागने की कोशिश को नाकाम किया जा सके। पूरे क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखी जा रही है और सर्च-कम-कॉम्बिंग ऑपरेशन पूरी सतर्कता के साथ जारी है।
एसओपी का पालन
Udhampur Encounter : अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान सभी मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का पालन किया जा रहा है। आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुठभेड़ स्थल के आसपास आवाजाही पर रोक लगा दी गई है और स्थानीय लोगों को घरों में ही रहने की सलाह दी गई है।
स्थिति पर लगातार नजर
Udhampur Encounter : सुरक्षाबलों का कहना है कि आतंकियों को पूरी तरह निष्क्रिय या गिरफ्तार किए जाने तक अभियान जारी रहेगा। फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे की जानकारी का इंतजार है।
आइजीपी जम्मू जोन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि जम्मू-कश्मीर पुलिस से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर माजलता, उधमपुर के सोआन गांव में आतंकियों से संपर्क स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि एसओजी, सेना और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम अभियान में जुटी है। हालांकि, अंधेरा और दुर्गम जंगल क्षेत्र तलाशी अभियान में चुनौती बना हुआ है।







