लखनऊ, 31 दिसंबर । Spiritual Tourism : नए साल की शुरुआत अक्सर पार्टी, मौज-मस्ती और नाइट आउट के साथ जुड़ी रहती है, लेकिन इस बार तस्वीर बदली-बदली है। उत्तर प्रदेश के आध्यात्मिक नगर—काशी, मथुरा और अयोध्या—युवाओं की पहली पसंद बन गए हैं। प्रदेश में पिछले साढ़े आठ वर्षों में हुए व्यापक धार्मिक और पर्यटन विकास का असर अब साफ दिखाई दे रहा है। युवा बड़ी संख्या में इन नगरों में पहुंचकर दर्शन-पूजन के साथ 2026 का स्वागत कर रहे हैं।
यह केवल उत्साह नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पुनर्जागरण की लहर है, जो उत्तर प्रदेश से पूरे देश में फैल रही है। कॉलेज छात्र, युवा प्रोफेशनल, लड़कियां-लड़के—सब नई ऊर्जा के साथ मंदिरों और तीर्थों का रुख कर रहे हैं।
Spiritual Tourism : लाखों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालु
पर्यटन विभाग के अनुसार इन तीर्थस्थलों पर नए साल से पहले ही लाखों युवा पर्यटक उमड़ने लगे थे।
- अयोध्या में 29–30 दिसंबर को ही 5 लाख से अधिक लोग रामलला के दर्शन कर चुके हैं
- काशी विश्वनाथ कॉरिडोर में तीन दिनों में करीब 10 लाख श्रद्धालु पहुंचे
- मथुरा-वृंदावन में 3 लाख से ज्यादा भक्तों ने दर्शन किए
- इनमें युवाओं की भागीदारी सबसे अधिक रही है
31 दिसंबर और 1 जनवरी को भी और बड़ी भीड़ की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने विशेष सुरक्षा इंतजाम और यात्रियों के लिए सुविधा निर्देश जारी किए हैं।
सोशल मीडिया पर भी दिखा ट्रेंड
Spiritual Tourism : नए साल का आध्यात्मिक जश्न सोशल मीडिया पर भी धूम मचा रहा है। #NewYear2026InAyodhya, #NewYearInKashi, #SpiritualNewYear जैसे हैशटैग तेजी से ट्रेंड कर रहे हैं। युवा मंदिरों के प्रांगण में सेल्फी, रील्स और ग्रुप फोटोज अपलोड कर रहे हैं।
ऐसा ही उत्साह पिछले वर्ष प्रयागराज महाकुंभ में भी देखने को मिला था, जिसने देश ही नहीं, दुनिया भर में रिकॉर्ड तोड़ पर्यटक जुटाए थे।
योगी सरकार के विकास कार्यों ने बढ़ाई आस्था
Spiritual Tourism : सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शुरू हुआ धार्मिक धरोहरों का पुनरुत्थान युवाओं को खास तरह से आकर्षित कर रहा है।
अयोध्या में भव्य राम मंदिर का उद्घाटन, वाराणसी में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, मथुरा-वृंदावन, प्रयागराज, विंध्याचल, नैमिषारण्य, संभल, मुजफ्फरनगर आदि में प्राचीन मंदिरों का जीर्णोद्धार, तीर्थ स्थलों को बेहतर सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी, इन सभी प्रयासों ने युवाओं में सनातन संस्कृति के प्रति नई ऊर्जा और गर्व पैदा किया है।
काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन का दृष्टिकोण
Spiritual Tourism : काशी विश्वनाथ मंदिर, वाराणसी के सीईओ विश्व भूषण मिश्र ने कहा कि सनातन संस्कृति उत्सव और उत्साह की जननी है। विश्वभर में मनाए जाने वाले त्योहारों की आत्मा सनातन परंपरा से ही उपजती है। यही कारण है कि देश के हर पर्व—चाहे भारतीय हो या पश्चिमी—पर आस्था स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ अभूतपूर्व रूप से बढ़ रही है।
पर्यटन को भी मिली नई उड़ान
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित दिव्य–भव्य उत्सवों ने युवाओं में धार्मिक पर्यटन को और लोकप्रिय बना दिया है। बढ़ती सुविधाएँ, आकर्षक आयोजन और आध्यात्मिक माहौल ने युवाओं को न सिर्फ अपनी जड़ों से जोड़ा है, बल्कि यूपी के पर्यटन को भी नई पहचान दी है।







