पटना, 23 दिसंबर। Nitin Naveen Speech : भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन मंगलवार को पहली बार पटना पहुंचे, जहाँ उनका भव्य स्वागत किया गया। उनके सम्मान में बिहार भाजपा द्वारा मिलर स्कूल मैदान में एक भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने जिस भरोसे के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, वह उसी निष्ठा से काम करेंगे। उन्होंने समारोह में उपस्थित कार्यकर्ताओं का भी अभिनंदन किया और इस सफल आयोजन के लिए प्रदेश भाजपा का धन्यवाद दिया।
भाजपा की ताकत उसके कार्यकर्ता
Nitin Naveen Speech : नितिन नबीन ने कहा कि भाजपा की खूबसूरती यही है कि बूथ स्तर का कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय नेतृत्व जैसा काम करने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुट ताकत किसी भी चुनौती को आसान बना देती है।
उन्होंने हाल में संपन्न हुए कई स्थानीय निकाय चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि देशभर में भाजपा का प्रदर्शन लगातार मजबूत हो रहा है।

जीत का सिलसिला बिहार से बंगाल और केरल तक जाएगा
Nitin Naveen Speech : उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार से शुरू हुई जीत की श्रृंखला बंगाल और केरल तक जाएगी और भगवा हर जगह लहराएगा। राजनीति में शॉर्टकट न लेने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुँचाना ही वास्तविक काम है।

कांग्रेस और राजद पर निशाना
Nitin Naveen Speech : कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा नेता फुल टाइम राजनीति करते हैं, जबकि राहुल गांधी “पार्ट-टाइम राजनीति” करते हैं। उन्होंने कहा— राहुल गांधी देश में रहेंगे तो संविधान और चुनाव आयोग को गाली देंगे और विदेश जाकर देश को। ऐसे लोगों को सबक सिखाने की जरूरत है।
उन्होंने बिना नाम लिए तेजस्वी यादव पर भी कटाक्ष किया और कहा कि बिहार में भी एक नेता हैं जो पार्ट-टाइम राजनीति करते हैं और सदन के दौरान बार-बार अनुपस्थित रहते हैं।

जहाँ भी रहूँ, दिल में बिहार की जनता बसती है
Nitin Naveen Speech : नितिन नबीन ने आने वाले समय को परिवर्तन का दौर बताते हुए कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बिहार और देश को विकसित बनाने में सक्रिय योगदान दें।
उन्होंने कहा— मैं जहाँ भी रहूँ, दिल में हमेशा पटना और बिहार की जनता-कार्यकर्ता बसे हैं। बांकीपुर और बिहार ने जो प्यार दिया है, उसे कभी भूल नहीं सकता।








