जिनेवा, 16 दिसंबर। Imran Khan Jail : संयुक्त राष्ट्र के एक वरिष्ठ मानवाधिकार विशेषज्ञ ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआइ) के प्रमुख इमरान खान की जेल में कथित तौर पर अमानवीय और गरिमा के खिलाफ परिस्थितियों को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। संयुक्त राष्ट्र की यातना पर विशेष दूत एलिस जिल एडवर्ड्स ने चेतावनी दी है कि इमरान खान की मौजूदा हिरासत की स्थिति यातना या अन्य क्रूर, अमानवीय और अपमानजनक व्यवहार की श्रेणी में आ सकती है।
2023 से जेल में बंद हैं
इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं। अप्रैल 2022 में अविश्वास प्रस्ताव के जरिए सत्ता से हटाए जाने के बाद उनके खिलाफ भ्रष्टाचार और आतंकवाद सहित कई मामले दर्ज किए गए थे।
संयुक्त राष्ट्र की विशेष दूत एलिस जिल एडवर्ड्स ने पाकिस्तानी अधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि वे इमरान खान की हिरासत की परिस्थितियों को अंतरराष्ट्रीय मानकों और नियमों के अनुरूप बनाने के लिए तत्काल और प्रभावी कदम उठाएं।
23 घंटे सेल में बंद रखा जाता है
उन्होंने बताया कि 26 सितंबर 2023 को रावलपिंडी की अदियाला जेल में स्थानांतरण के बाद से इमरान खान को लंबे समय तक कथित तौर पर एकांत कारावास में रखा गया है। उन्हें दिन के लगभग 23 घंटे सेल में बंद रखा जाता है और बाहरी दुनिया से संपर्क बेहद सीमित है। इसके साथ ही उनके सेल पर लगातार कैमरा निगरानी की भी जानकारी सामने आई है।
Imran Khan Jail : यूएन अधिकारी ने जोर देकर कहा कि अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार कानून के तहत लंबे या अनिश्चितकालीन एकांत कारावास पर रोक है। यदि एकांत कारावास 15 दिनों से अधिक समय तक चलता है तो उसे मनोवैज्ञानिक यातना माना जाता है।
एकांतवास तुरंत समाप्त हो
Imran Khan Jail : एलिस जिल एडवर्ड्स ने कहा कि इमरान खान का एकांत कारावास बिना किसी देरी के समाप्त किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि लंबे समय तक अलगाव उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है।
इमरान को खुले में टहलने की अनुमति नहीं
Imran Khan Jail : प्राप्त सूचनाओं का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि इमरान खान को न तो खुले में टहलने की अनुमति दी जाती है और न ही अन्य कैदियों से मिलने-जुलने का अवसर दिया जाता है। उन्हें सामूहिक नमाज में भाग लेने से भी रोका गया है। इसके अलावा, अदालत द्वारा अधिकृत वकीलों, परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों से मुलाकातें भी अक्सर बाधित की जाती हैं या समय से पहले समाप्त कर दी जाती हैं।
छोटे सेल में रखा गया है
Imran Khan Jail : यूएन विशेष दूत के अनुसार, इमरान खान को एक छोटे से सेल में रखा गया है, जहां प्राकृतिक रोशनी और पर्याप्त वेंटिलेशन की कमी है। उन्होंने बताया कि सर्दी और गर्मी दोनों ही मौसमों में सेल का तापमान अत्यधिक हो जाता है। खराब हवा के संचार के कारण दुर्गंध और कीड़ों की समस्या पैदा हो गई है, जिससे उन्हें मतली, उल्टी और वजन में कमी जैसी स्वास्थ्य समस्याएं हुई हैं।
गरिमा के साथ व्यवहार हो
Imran Khan Jail :एलिस जिल एडवर्ड्स ने कहा कि स्वतंत्रता से वंचित किसी भी व्यक्ति के साथ मानवता और गरिमा के साथ व्यवहार किया जाना चाहिए। हिरासत की परिस्थितियां व्यक्ति की उम्र और स्वास्थ्य के अनुरूप होनी चाहिए, जिसमें उचित सोने की व्यवस्था, मौसम से सुरक्षा, पर्याप्त स्थान, रोशनी, हीटिंग और वेंटिलेशन शामिल हों।
Imran Khan Jail : उन्होंने यह भी कहा कि इमरान खान को पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं नहीं मिल रही हैं और पाकिस्तानी अधिकारियों से आग्रह किया कि उन्हें उनके निजी चिकित्सकों से मिलने की अनुमति दी जाए, ताकि उनके स्वास्थ्य की उचित देखभाल सुनिश्चित की जा सके।







