संवाददाता, पटना, 18 जुलाई। Free Bijli : राज्य सरकार ने आम जनता को बड़ी राहत देते हुए बिजली बिल माफ करने और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में “मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना” का विस्तार करते हुए निर्णय लिया गया है कि 1 अगस्त 2025 से सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट प्रति माह तक बिजली पूरी तरह मुफ्त दी जाएगी। इसका लाभ जुलाई 2025 की खपत के आधार पर मिलेगा।
3,797 करोड़ रुपये अनुदान स्वीकृत
इस योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में बिहार सरकार ने बिहार स्टेट पावर (होल्डिंग) कंपनी लिमिटेड को अतिरिक्त 3,797 करोड़ रुपये अनुदान को कैबिनेट की स्वीकृति दे दी गई है। यह कदम न केवल उपभोक्ताओं को राहत देगा, बल्कि राज्य में हर घर तक बिजली पहुंचाने की सरकार की प्रतिबद्धता को भी मजबूत करेगा।
योजना की शुरुआत: 1 अगस्त 2025 से
- लाभार्थी: सभी घरेलू उपभोक्ता
- मुफ्त बिजली: 125 यूनिट प्रति माह तक
- सौर संयंत्र सहायता: कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं को पूर्ण, अन्य को आंशिक अनुदान
- कुल स्वीकृत राशि: ₹3,797 करोड़
सौर ऊर्जा को मिलेगा बढ़ावा
Free Bijli : सरकार ने केवल मुफ्त बिजली तक ही सीमित न रहकर सौर ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहित करने का भी निर्णय लिया है। इसके तहत कुटीर ज्योति योजना के अंतर्गत आने वाले परिवारों को न्यूनतम 1.1 किलोवाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए पूर्ण वित्तीय सहायता दी जाएगी।
अन्य घरेलू उपभोक्ताओं को भी सौर संयंत्र लगाने हेतु अनुदानित वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। यह निर्णय राज्य को नवीकरणीय ऊर्जा की दिशा में आत्मनिर्भर बनाने और दीर्घकालिक ऊर्जा समाधान की ओर ले जाने में मील का पत्थर साबित होगा।
ऊर्जा क्षेत्र में बिहार की नई क्रांति
Free Bijli : राज्य सरकार के इस फैसले से अनुमानित 1.67 करोड़ से अधिक परिवारों को लाभ होगा। साथ ही, यह योजना न सिर्फ ऊर्जा की बचत को बढ़ावा देगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में भी बिहार को अग्रणी राज्यों की कतार में खड़ा करेगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहले ही कह चुके हैं कि “हमारा लक्ष्य है कि हर घर को रोशन करें और अब वह रोशनी पर्यावरण हितैषी हो।” यह फैसला उसी दृष्टिकोण को आगे बढ़ाता है।







