ओम वर्मा, नई दिल्ली। Computer Component Prices : कंप्यूटर और आइटी सेक्टर से जुड़े उपभोक्ताओं के लिए बड़ी चिंता की खबर है। बीते दो महीनों में कंप्यूटर कंपोनेंट्स की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। कई जरूरी पुर्जों के दाम चार गुना तक बढ़ गए हैं, जिससे आम उपभोक्ता से लेकर छोटे कारोबारी और स्टार्टअप तक परेशान हो गए हैं।
बाजार से मिली जानकारी के अनुसार प्रोसेसर, ग्राफिक्स कार्ड, रैम, एसएसडी और मदरबोर्ड जैसे प्रमुख कंपोनेंट्स की कीमतों में अचानक तेज बढ़ोतरी हुई है। जहां दो महीने पहले मध्यम श्रेणी का ग्राफिक्स कार्ड 12 से 15 हजार रुपये में मिल जाता था, वही अब उसकी कीमत 45 से 60 हजार रुपये तक पहुंच गई है। इसी तरह प्रोसेसर और स्टोरेज डिवाइसेज के दाम भी दोगुने से अधिक हो चुके हैं।
बढ़ोतरी के पीछे वैश्विक कारण
Computer Component Prices : व्यापारियों का कहना है कि इस भारी कीमत वृद्धि के पीछे कई कारण हैं। वैश्विक स्तर पर चिप की कमी, आयात लागत में बढ़ोतरी, डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी और बढ़ती मांग ने बाजार पर दबाव डाला है। इसके अलावा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और हाई-एंड कंप्यूटिंग की बढ़ती जरूरतों के चलते ग्राफिक्स कार्ड की मांग अचानक बढ़ गई है।
बढ़ोतरी का असर बिक्री पर
Computer Component Prices : कंप्यूटर हार्डवेयर विक्रेताओं का कहना है कि कीमतों में तेजी का सीधा असर बिक्री पर पड़ा है। ग्राहक नए कंप्यूटर खरीदने या अपग्रेड करने से बच रहे हैं। कई छोटे दुकानदारों ने बताया कि महंगे दामों के कारण उनका स्टॉक भी फंस गया है।
सिस्टम अपग्रेड करना हुआ मुश्किल
Computer Component Prices : उपभोक्ताओं का कहना है कि ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों ही बाजारों में कीमतें आसमान छू रही हैं। खासतौर पर छात्रों, गेमिंग शौकीनों और आइटी प्रोफेशनल्स के लिए सिस्टम अपग्रेड करना अब बेहद मुश्किल हो गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि वैश्विक सप्लाई चेन सामान्य नहीं हुई और चिप निर्माण में तेजी नहीं आई तो आने वाले महीनों में कंप्यूटर कंपोनेंट्स के दाम और बढ़ सकते हैं। हालांकि, कुछ जानकारों को उम्मीद है कि वर्ष के मध्य तक हालात में कुछ सुधार देखने को मिल सकता है।
फिलहाल, कंप्यूटर कंपोनेंट्स की कीमतों में इस अप्रत्याशित बढ़ोतरी ने बाजार और उपभोक्ताओं दोनों के होश उड़ा दिए हैं।







