'एन पी एन लाइव'

Super Speciality Hospital : ग्रेटर नोएडा में सीएम योगी ने केडीएसजी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का किया उद्घाटन

SHARE:

CM Yogi Inaugurates Super Speciality Hospital in Greater Noida

Super Speciality Hospital : डॉक्टरों के आत्मविश्वास को बताया मरीज की सफलता का मंत्र

ग्रेटर नोएडा, 5 मार्च। Super Speciality Hospital : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में स्थित केडीएसजी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का औपचारिक उद्घाटन किया। उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल का निरीक्षण किया और डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों से संवाद कर आधुनिक चिकित्सा सेवाओं की भूमिका पर चर्चा की।

कार्यक्रम में पूर्व क्रिकेट कप्तान कपिल देव और गौतमबुद्ध नगर सांसद महेश शर्मा भी उपस्थित रहे।

सीएम योगी ने अपने संबोधन में बताया कि डॉक्टरों का आत्मविश्वास मरीज के स्वास्थ्य पर कितना प्रभाव डालता है। उन्होंने क्रिकेट के उदाहरण से समझाया कि जैसे कपिल देव मैदान में उतरते ही विपक्षी टीम आधी हार मान लेती थी, वैसे ही डॉक्टर जब आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ मरीज का इलाज करेंगे तो बीमारी आधी वहीं कम हो जाती है।

उन्होंने कहा, “जब दवा और दुआ दोनों मिलती हैं तो मरीज जल्दी स्वस्थ होता है और अस्पताल की प्रतिष्ठा बढ़ती है।”

एनसीआर में स्वास्थ्य क्षेत्र को नई पहचान

Super Speciality Hospital : योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में केडीएसजी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की स्थापना एनसीआर के लोगों के लिए महत्वपूर्ण पहल है। इस अस्पताल से क्षेत्रवासियों को आधुनिक और बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का जिक्र करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश में 5 करोड़ से अधिक लोगों ने इस योजना का लाभ उठाया है और उन्हें पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में पारदर्शिता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा आवश्यक है। सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों के निर्माण से सुविधा बढ़ी है, लेकिन सरकारी और निजी अस्पतालों की फीस में संतुलन भी जरूरी है ताकि आम नागरिक को भरोसेमंद इलाज मिल सके।

स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की प्रगति

Super Speciality Hospital : सीएम योगी ने प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र में हुई प्रगति का ब्योरा देते हुए कहा कि 2014 तक देश में केवल 6 एम्स थे, जबकि आज 23 एम्स संस्थान सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश में 2017 तक 17 मेडिकल कॉलेज थे, लेकिन अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज’ नीति के तहत 75 जिलों में 81 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं या निर्माणाधीन हैं।

केडीएसजी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से बना है और इसमें 300 बेड की सुविधा है। अस्पताल में कार्डियोलॉजी, ऑन्कोलॉजी, न्यूरोलॉजी जैसी अत्याधुनिक चिकित्सा सेवाओं के साथ हाईटेक मशीनों से उन्नत सर्जरी की सुविधा भी दी जाएगी।

रोजगार और स्वास्थ्य क्षेत्र को नई उम्मीद

इस अस्पताल के शुरू होने से लगभग 1000 लोगों को सीधे और परोक्ष रूप से रोजगार मिलने की संभावना है। कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व क्रिकेटर कपिल देव ने कहा कि यह अस्पताल उत्तर प्रदेश का नाम देश और विदेश तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और वे सरकार के भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई