Champaran Satyagraha Film : युवा पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने की पहल
मोतिहारी, 2 फरवरी। Champaran Satyagraha Film : बिहार की ऐतिहासिक भूमि चम्पारण पर आधारित बहुप्रतीक्षित फीचर फिल्म “चम्पारण सत्याग्रह” के आधिकारिक बुकलेट का लोकार्पण पूर्वी चम्पारण के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने अपने कार्यालय कक्ष में किया। इस अवसर पर फिल्म से जुड़े कलाकारों, प्रशासनिक अधिकारियों और कला-संस्कृति जगत की कई विशिष्ट हस्तियों की उपस्थिति रही।
Champaran Satyagraha Film : लोकार्पण समारोह के दौरान जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने फिल्म की पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह फिल्म आज की युवा पीढ़ी को चम्पारण के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम की चेतना से परिचित कराने में अहम भूमिका निभाएगी।
चम्पारण सत्याग्रह का ऐतिहासिक महत्व
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मो. फवाद सिद्दीकी ने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में चम्पारण सत्याग्रह पहले असहयोग आंदोलन के रूप में जाना जाता है, जिसका नाम इतिहास के स्वर्णाक्षरों में दर्ज है। इस विषय पर बनी फिल्म आने वाली पीढ़ियों के लिए ऐतिहासिक धरोहर साबित होगी।
इतिहास को पर्दे पर जीवंत करने का संकल्प
फिल्म के लेखक, निर्देशक एवं अभिनेता डॉ. राजेश अस्थाना ने बताया कि “चम्पारण सत्याग्रह” का निर्माण विशेष रूप से युवाओं को इतिहास से जोड़ने के उद्देश्य से किया गया है। फिल्म में भोजपुरी एवं हिंदी सिनेमा के कई नामचीन कलाकारों ने अभिनय किया है। यह फिल्म वैश्विक स्तर पर चम्पारण के इतिहास के अनछुए पहलुओं को उजागर करेगी।
साहित्य से सिनेमा तक की प्रेरणा
युवराज मीडिया एंड एंटरटेनमेंट के बैनर तले निर्मित यह फिल्म, गांधीवादी लेखक ब्रजकिशोर सिंह की पुस्तक “चम्पारण में बापू” तथा डॉ. राजेश अस्थाना की कृति “चम्पारण सत्याग्रह गाथा” से प्रेरित है। फिल्म का निर्माण युवा फिल्मकार ई. युवराज द्वारा किया जा रहा है।
कलाकारों की भव्य भागीदारी
फिल्म में लगभग 168 कलाकारों ने संवादों के साथ अभिनय किया है, वहीं करीब 1000 जूनियर आर्टिस्ट, बैल, घोड़े और हाथी भी फिल्म के दृश्यात्मक प्रभाव को सजीव बनाते नजर आएंगे।
तकनीकी टीम और रचनात्मक सहयोग
Champaran Satyagraha Film : फिल्म की सह-निर्मात्री डॉ. सीमा रानी, अस्मिता राज और सुरभि श्रीवास्तव हैं। गीत लेखन में पंडित अश्विनी कुमार आँसू एवं डॉ. राजेश अस्थाना का योगदान है, जबकि संगीत स्नेहाशीष शिबू देब ने दिया है।
छायांकन अशोक माही, संपादन मुंबई के प्रसिद्ध संपादक कृष्ण मुरारी यादव, पोस्ट प्रोडक्शन जी फोकस स्टूडियो, मुंबई में हुआ है। वीएफएक्स, साउंड डिजाइन, थ्री-डी, मिक्सिंग और अन्य तकनीकी कार्यों में देश के अनुभवी विशेषज्ञों ने अपनी भूमिका निभाई है।
चम्पारण की कहानी, विश्व मंच की ओर
“चम्पारण सत्याग्रह” सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि इतिहास, संघर्ष और सत्य की प्रेरक गाथा है, जो चम्पारण की आत्मा को सिनेमा के माध्यम से दुनिया तक पहुँचाने का सशक्त प्रयास है।
Author: ohm verma
Om Verma (ohm verma) is a graduate from Motilal Nehru College of Delhi University. He has done Journalism and Mass Communication from Kurukshetra University. He has worked in Hari Bhoomi newspaper published from Haryana. After this, he worked for Dainik Jagran as Chief Sub Editor for a long time. He held many important roles in the Noida office. During this time, he participated in debates on many national TV channels.







