'एन पी एन लाइव'

Bollywood: पिता इरफान खान की डेथ एनिवर्सरी पर बाबिल ने शेयर की तस्वीरें

SHARE:

मुंबई। Bollywood : दिवंगत अभिनेता इरफान की 5वीं डेथ एनिवर्सरी पर फिल्म जगत के तमाम सितारे उनके लिए पोस्ट शेयर कर भावुक नजर आए। इसी कड़ी में इरफान के बेटे, अभिनेता बाबिल ने पिता की याद में एक खूबसूरत और इमोशंस से भरा पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने बताया कि उन्हें उनकी बहुत याद आती है।

इंस्टाग्राम पर पिता इरफान खान के साथ वाली तस्वीरों को शेयर करते हुए बाबिल ने कैप्शन में एक कविता को लिखा, “तुम्हारे साथ, तुम्हारे बिना। जिंदगी चलती रहती है, मेरे साथ, मेरे बिना। जल्द ही मैं वहां पहुंच जाऊंगा। तुम्हारे साथ, तुम्हारे बिना नहीं और हम साथ-साथ दौड़ेंगे, और उड़ेंगे।”

झरनों से पानी पीएंगे

कविता की लाइन को पूरा करते हुए बाबिल ने आगे लिखा, “झरनों से पानी पिएंगे, गुलाबी नहीं नीला। मैं तुम्हें बहुत कसकर गले लगाऊंगा, और रोऊंगा। फिर हम हंसेंगे, जैसे हम पहले हंसते थे। मुझे आपकी याद आती है।“

बाबिल से पहले दिवंगत अभिनेता इरफान खान की पांचवीं डेथ एनिवर्सरी पर फिल्म निर्माता-निर्देशक शूजित सरकार ने उनके लिए एक खूबसूरत और भावनाओं से भरा लेटर लिखा। सोशल मीडिया पर पोस्ट को शेयर कर उन्होंने अपने दर्द को बयां करने के साथ ही बताया कि वह इरफान को कितना मिस कर रहे हैं।

तुम्हारी कमी खलती है

दिवंगत अभिनेता की तारीफ करते हुए शूजित सरकार ने कैप्शन में लिखा, “डियर इरफान, तुम जहां भी होंगे, मुझे पता है कि बहुत अच्छा कर रहे होगे। तुमने वहां पर भी शायद कई दोस्त बना लिए होंगे और मुझे यकीन है कि लोग तुम्हारे आकर्षण के दीवाने हो गए होंगे, जैसे हम सब तुम्हारे दीवाने हैं।” उन्होंने आगे लिखा, “मैं यहां पर ठीक हूं। लेकिन एक बात है जो शायद तुम नहीं जानते इरफान – यहां लोग तुम्हें कितना प्यार करते हैं और तुम्हारी कितनी कमी खलती है।”

हमारा साथ में झाल मुरी खाना

उन्होंने आगे लिखा, “मुझे हमारा साथ में झाल मुरी खाना, साथ बिताए खूबसूरत समय, हंसी-मजाक की याद आती है। जीवन पर तुम्हारे विचार मुझे हमेशा से आकर्षक लगते थे। मैं उन पलों को संजोकर रखता हूं। जब तुम लंदन में थे, तब अध्यात्म और साइंस के बारे में हमारी लंबी बातचीत याद है? वो बातें कितनी गहरी होती थीं।”

पोस्ट के अंत में सरकार ने आगे लिखा, “मुझे पता है कि तुम जहां भी हो, वहां से हम सबको देख रहे होगे और यह सुकून देने वाली बात है। बात करने के लिए बहुत कुछ है, लेकिन अभी के लिए बस इतना ही, मैं अब अलविदा कहूंगा, दोस्त। ढेर सारा प्यार। तुम्हारा शूजित दा।” -आइएएनएस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पढ़ी गई