नई दिल्ली, 31 जुलाई। Bihar elections: अगले कुछ महीनों में बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। भारत निर्वाचन आयोग ने पहले बिहार मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान चलाया था। विशेष गहन पुनरीक्षण का पहला चरण पूरा हो गया है। अब एक अगस्त को बिहार की मसौदा मतदाता सूची जारी की जाएगी।
भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि शुक्रवार, 1 अगस्त 2025 को बिहार के मतदाताओं की मसौदा मतदाता सूची जारी की जाएगी। चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भी इसे देख सकते हैं।
बिहार के सभी 38 जिलों में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को राज्य के सभी 38 जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ) द्वारा उनकी डिजिटल और फिजिकल कॉपियां भी दी जाएंगी।
छूटे नाम जोड़ने के लिए आमंत्रित करेंगे
Bihar elections: उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) और 243 निर्वाचक निबंधन अधिकारी (ईआरओ) को 1 अगस्त से 1 सितंबर 2025 तक उस विधानसभा क्षेत्र के किसी भी मतदाता या बिहार के किसी भी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल को किसी भी छूटे हुए पात्र मतदाता के नाम जोड़ने, किसी भी अपात्र मतदाता के नाम हटाने या मसौदा मतदाता सूची में किसी भी प्रविष्टि जोड़ने के लिए आमंत्रित करेंगे।
सुप्रीम कोर्ट ने यह की थी टिप्पणी
Bihar elections: वहीं, मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) पर महत्वपूर्ण टिप्पणी की थी। 65 लाख मतदाताओं को चुनाव आयोग की मतदाता सूची से बाहर होने की आशंका पर कोर्ट ने कहा कि अगर ‘सामूहिक बाहर करने’ की कोई घटना होती है तो सुप्रीम कोर्ट हस्तक्षेप करेगा।







