Steel Plant Blast : बलौदाबाजार में भीषण औद्योगिक हादसा
बलौदाबाजार, 22 जनवरी। Steel Plant Blast : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला औद्योगिक हादसा सामने आया। भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के अंतर्गत बकुलाही स्थित रियल स्पॉट स्टील प्लांट में डीएससी कोयला भट्ठे में हुए जोरदार विस्फोट ने सात मजदूरों की जान ले ली, जबकि कई अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सफाई के दौरान हुआ धमाका, जिंदा जल गए मजदूर
Steel Plant Blast : हादसे के समय स्टील प्लांट के डीएससी कोयला भट्ठे के पास कुछ मजदूर नियमित सफाई कार्य में लगे हुए थे। तभी अचानक भट्ठे में तेज विस्फोट हो गया। विस्फोट के बाद गर्म कोयला और राख बाहर निकल आई, जिसकी चपेट में मजदूर आ गए। अत्यधिक तापमान और जलते कोयले से मजदूर बुरी तरह झुलस गए। हादसा इतना भयावह था कि पांच मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य ने इलाज के दौरान जान गंवाई।
प्लांट में मची अफरा-तफरी, घायलों की हालत नाजुक
विस्फोट के बाद पूरे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल मजदूरों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक कई घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
प्रबंधन की चुप्पी पर सवाल
Steel Plant Blast : इतने बड़े हादसे के बावजूद स्टील प्लांट प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। न ही विस्फोट के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी दी गई है। इस चुप्पी को लेकर मजदूरों और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।
पुलिस जांच शुरू, सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
Steel Plant Blast : घटना की सूचना मिलते ही भाटापारा ग्रामीण पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों और प्लांट कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों में भारी लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सुबह के समय मजदूर भट्ठे के आसपास सफाई में जुटे थे, तभी जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट की आवाज दूर तक सुनाई दी और काला धुआं आसमान में छा गया। धमाके के बाद गर्म कोयला और राख मजदूरों पर गिर गई, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए।
भूपेश बघेल ने जताया शोक, हाई-लेवल जांच की मांग
Steel Plant Blast : छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने लिखा कि बलौदाबाजार जिले के बकुलाही क्षेत्र में स्थित स्पंज आयरन फैक्ट्री में हुए विस्फोट की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने मृत मजदूरों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवारों को संबल देने की कामना की।
भूपेश बघेल ने सरकार से घायलों के बेहतर इलाज, मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने, घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

मुआवजे पर सरकार की चुप्पी
हालांकि, मुख्यमंत्री विष्णु देव साई के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से अब तक पीड़ित मजदूरों या उनके परिजनों के लिए किसी भी प्रकार के एक्स-ग्रेशिया मुआवजे की घोषणा नहीं की गई है।
यह हादसा एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्था और मजदूरों की जान को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।







