ढाका, 3 जनवरी। Bangladesh Hindu : बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों, खासकर हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामले में शरियतपुर जिले के दामुड्या उपजिला में कट्टरपंथियों की भीड़ ने एक हिंदू कारोबारी पर हमला कर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
Bangladesh Hindu : मोबाइल बैंकिंग का करते थे कारोबार
मृतक की पहचान खोकन चंद्र दास के रूप में हुई है, जो दामुड्या क्षेत्र के केउरभंगा बाजार में दवा और मोबाइल बैंकिंग का कारोबार करते थे। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना बुधवार देर रात उस समय हुई जब खोकन दुकान बंद कर दिनभर की कमाई लेकर सीएनजी ऑटो रिक्शा से घर लौट रहे थे। रास्ते में दामुड्या-शरियतपुर रोड पर केउरभंगा बाजार के पास बदमाशों ने उनकी गाड़ी रुकवाई, पहले उन पर हमला किया और फिर सिर पर पेट्रोल डालकर उन्हें आग के हवाले कर दिया।
Bangladesh Hindu : गंभीर रूप से झुलसे खोकन को पहले ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर उन्हें नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी रेफर किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, उनके शरीर का करीब 30 प्रतिशत हिस्सा जल चुका था। शनिवार सुबह इलाज के दौरान आइसीयू में उनकी मौत हो गई।
मामले की जांच जारी
Bangladesh Hindu : दामुड्या पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी (ओसी) मोहम्मद रबीउल हक ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है और ढाका के शाहबाग थाने से भी संपर्क में है।
मृतक के भतीजे प्रांत दास ने बताया कि खोकन की हालत गुरुवार रात से ही गंभीर थी। शनिवार सुबह अचानक उनकी तबीयत और बिगड़ गई, जिसके बाद डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
दूसरी क्रूर घटना
Bangladesh Hindu : खोकन चंद्र दास की मौत के साथ ही यह एक हफ्ते के भीतर हिंदू अल्पसंख्यकों के खिलाफ दूसरी बेहद क्रूर घटना है। इससे पहले इसी सप्ताह मैमनसिंह जिले के भालुका उपजिला में 40 वर्षीय बजेंद्र बिस्वास की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वहीं, पिछले साल 24 दिसंबर को 29 वर्षीय अमृत मंडल की भीड़ द्वारा हत्या किए जाने की खबर सामने आई थी।
इसके अलावा 18 दिसंबर को मैमनसिंह में एक फैक्ट्री में काम करने वाले हिंदू युवक दीपू चंद्र दास को झूठे ईशनिंदा के आरोप में कट्टरपंथी भीड़ ने बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला था। हत्या के बाद उसका शव पेड़ से लटकाया गया और फिर आग लगा दी गई थी, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया था।
अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा में तेजी
Bangladesh Hindu : यूनुस की अंतरिम सरकार के कार्यकाल में बांग्लादेश में हिंदुओं समेत अन्य अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की घटनाओं में तेजी आई है। इन घटनाओं को लेकर अंतरराष्ट्रीय समुदाय और कई मानवाधिकार संगठनों ने गहरी चिंता और नाराजगी जताई है।







