'एन पी एन लाइव'

Maduro Arrest Case : वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो अमेरिका लाए गए, न्यूयॉर्क कोर्ट में चलेगा नार्को-टेररिज्म केस

SHARE:

Maduro Arrest Case: Venezuelan President Nicolas Maduro brought to New York to face federal narco-terrorism charges in a high-profile US trial.

न्यूयॉर्क, 4 जनवरी । Maduro Arrest Case : वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अमेरिका लाकर न्यूयॉर्क में रखा गया है, जहां उन पर नार्को-टेररिज्म समेत गंभीर आरोपों में फेडरल कोर्ट में मुकदमा चलेगा। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, मादुरो को अमेरिकी डेल्टा फोर्स के कमांडो ने गिरफ्तार किया था।

Maduro Arrest Case : पहले नेशनल गार्ड बेस पर लाया गया

शनिवार को मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस स्टीवर्ट एयर नेशनल गार्ड बेस पर पहुंचे। इसके बाद दोनों को कड़ी सुरक्षा के बीच हेलीकॉप्टर से मैनहैटन के एक हेलीपैड पर ले जाया गया, जो फेडरल दफ्तरों और अदालत के नजदीक है। कानूनी प्रक्रिया के तहत उन्हें सबसे पहले ड्रग एनफोर्समेंट एजेंसी (DEA) के कार्यालय में पेश किया जा सकता है।

कल अदालत में पेश किया जाएगा

Maduro Arrest Case : इसके बाद मादुरो को ब्रुकलिन स्थित कुख्यात फेडरल जेल मेट्रोपॉलिटन करेक्शनल सेंटर में रखा जाएगा, जहां वे मुकदमे की सुनवाई का इंतजार करेंगे। मादुरो पर पहले ही 50 मिलियन डॉलर का इनाम घोषित किया गया था। उम्मीद है कि सोमवार को उन्हें शुरुआती सुनवाई के लिए अदालत में पेश किया जाएगा।

बताया गया है कि जैसे ही विमान उतरा, एफबीआइ एजेंटों ने पूरे विमान को घेर लिया और मादुरो दंपती को तुरंत हिरासत में ले लिया। यह पूरी कार्रवाई ‘ऑपरेशन एब्सोल्यूट रिज़ॉल्व’ के तहत अंजाम दी गई।

फुएर्टे ट्यूना से पकड़ा गया था मादुरो को

Maduro Arrest Case : अधिकारियों के अनुसार, शनिवार तड़के मादुरो को वेनेजुएला के सैन्य अड्डे फुएर्टे ट्यूना से पकड़ा गया था, जहां वे छिपे हुए थे। इसके बाद उन्हें अमेरिकी नौसेना के जहाज इवो जिमा पर ले जाया गया। इस अभियान में 150 से अधिक विमानों के शामिल होने की बात कही जा रही है।

अमेरिकी अटॉर्नी जनरल ने बताया कि मादुरो और उनकी पत्नी पर नार्को-टेररिज्म, कोकीन की तस्करी की साजिश और अवैध हथियार रखने जैसे आरोप लगाए गए हैं। वर्ष 2020 में दायर आरोपों में उन पर ड्रग गिरोह ‘कार्टेल दे लॉस सोलेस’ का नेतृत्व करने का भी आरोप है।

स्थानांतरित किया जा सकता है केस

Maduro Arrest Case : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि मादुरो का मुकदमा न्यूयॉर्क से मियामी या फ्लोरिडा के किसी अन्य शहर में भी स्थानांतरित किया जा सकता है, जहां अमेरिका में रहने वाले वेनेजुएलावासियों की बड़ी आबादी है। मादुरो की गिरफ्तारी की खबर के बाद वहां जश्न का माहौल देखा गया।

ट्रंप ने कहा कि मुकदमे की जगह का फैसला जल्द किया जाएगा और उन्होंने इसे ड्रग्स के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई बताया। वहीं, मादुरो की गिरफ्तारी के बाद वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज फिलहाल अपने पद पर बनी रहेंगी। ट्रंप ने कहा कि वे वेनेजुएला को दोबारा सही दिशा में ले जाने के लिए जरूरी कदम उठाने को तैयार हैं।

वैध राष्ट्रपति केवल निकोलस मादुरो

Maduro Arrest Case : हालांकि, डेल्सी रोड्रिगेज ने अमेरिका पर तीखा हमला बोलते हुए इसे सत्ता परिवर्तन की साजिश बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका वेनेजुएला के तेल, खनिज और प्राकृतिक संसाधनों पर कब्जा करना चाहता है और दोहराया कि वेनेजुएला के वैध राष्ट्रपति केवल निकोलस मादुरो ही हैं।

अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि अंतरिम सरकार और उसके नेताओं को लेकर फैसला उनके भविष्य के कदमों के आधार पर किया जाएगा। इस बीच, ट्रंप के कुछ बयानों ने हालात को और जटिल बना दिया है, जिसमें उन्होंने वेनेजुएला को “सही तरीके से चलाने” और उससे आर्थिक लाभ कमाने की बात कही है, जिसे देश के तेल संसाधनों से जोड़कर देखा जा रहा है।

ड्रग तस्करी का एक बड़ा नेटवर्क चलाने का आरोप

Maduro Arrest Case :  अमेरिकी न्याय विभाग का दावा है कि मादुरो, उनकी पत्नी और कई वरिष्ठ अधिकारियों ने करीब 25 वर्षों तक ड्रग तस्करी का एक बड़ा नेटवर्क चलाया और वे एक भ्रष्ट तथा अवैध व्यवस्था के शीर्ष पर बैठे थे, जिसने लंबे समय तक गैरकानूनी गतिविधियों को संरक्षण दिया।

Leave a Comment