पटना, 3 जनवरी। Senior Citizen : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक नई और महत्वपूर्ण सुविधा की घोषणा की है। ‘सात निश्चय-3’ कार्यक्रम के अंतर्गत सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ के तहत अब बुजुर्गों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उनके घर पर ही उपलब्ध कराई जाएंगी। इस पहल से लाखों वरिष्ठ नागरिकों को अस्पताल जाने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।
शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस योजना की जानकारी साझा करते हुए कहा कि वर्ष 2005 से उनकी सरकार न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर काम कर रही है और समाज के हर वर्ग के सम्मान और उत्थान को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी नागरिक सम्मानपूर्वक और सहज जीवन जी सकें, इसी उद्देश्य से ‘सात निश्चय-3’ को लागू किया गया है।
Senior Citizen : विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने के लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2025 से 2030 के लिए बिहार को देश के विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने के लक्ष्य के साथ ‘सात निश्चय-3’ के कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। इसके तहत ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ निश्चय का मकसद नागरिकों के जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम करना और सुविधाओं को उनके घर तक पहुंचाना है।
नर्सिंग सहायता भी घर पर ही
Senior Citizen : उन्होंने कहा कि इस पहल के तहत सबसे पहले जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को घर पर ही जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। योजना के अंतर्गत नर्सिंग सहायता, पैथोलॉजी जांच जैसे ब्लड टेस्ट, ब्लड प्रेशर की जांच, ईसीजी, फिजियोथेरेपी जैसी सुविधाएं बुजुर्गों के घर पर ही प्रदान की जाएंगी। इसके अलावा आपात स्थिति में आवश्यक चिकित्सकीय सहायता भी तुरंत घर तक पहुंचाई जाएगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बताया कि इन सेवाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए स्वास्थ्य विभाग को तेजी से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को और अधिक सरल बनाने के लिए अतिरिक्त सुविधाओं की पहचान करने पर भी विचार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने मांगे सुझाव
Senior Citizen : उन्होंने लोगों से इस संबंध में सुझाव देने की अपील करते हुए कहा कि यदि कोई नागरिक इस योजना को बेहतर बनाने के लिए अपने विचार साझा करना चाहता है तो वह निर्धारित माध्यमों के जरिए अपने बहुमूल्य सुझाव दे सकता है।







