काराकास, 3 जनवरी। Caracas Blasts : अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच वेनेजुएला की राजधानी काराकास में शनिवार सुबह एक के बाद एक कई तेज धमाकों की आवाज सुनाई दी, जिससे शहर में दहशत का माहौल बन गया। फिलहाल इन विस्फोटों के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है, हालांकि सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में धुएं के घने गुबार उठते देखे जा सकते हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, धमाकों के बाद राजधानी के कुछ हिस्सों में दूरसंचार सेवाओं में अस्थायी बाधा की खबरें भी सामने आई हैं। अब तक अमेरिका की ओर से इन घटनाओं को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की गई है।
Caracas Blasts : अमेरिका दे चुका था ग्राउंड आपरेशन की चेतावनी
गौरतलब है कि इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कई बार वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सत्ता से हटाने के उद्देश्य से संभावित ग्राउंड ऑपरेशन की चेतावनी दे चुके हैं। ऐसे बयानों के बीच राजधानी में धमाकों की खबरें सामने आने से अटकलों का दौर तेज हो गया है।
अमेरिका ने प्रतिबंधों का दायरा विस्तृत किया
Caracas Blasts : अमेरिका ने हाल के महीनों में वेनेजुएला पर दबाव बढ़ाते हुए प्रतिबंधों का दायरा विस्तारित किया है और क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां भी बढ़ाई हैं। इसके अलावा, कैरिबियन और पैसिफिक क्षेत्रों में अमेरिकी जहाजों की तैनाती के साथ ड्रग तस्करी को लेकर कार्रवाई के दावे किए गए हैं। कैरिबियन सागर में अमेरिकी सेना की पूर्व कार्रवाइयों की जानकारी भी सामने आती रही है।
नए प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी
Caracas Blasts : हाल ही में अमेरिकी सरकार ने ईरान और वेनेजुएला से जुड़ी कई संस्थाओं पर नए प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी। अमेरिका ने आरोप लगाया है कि ईरान, वेनेजुएला को पारंपरिक हथियारों की आपूर्ति कर रहा है, जिससे अमेरिकी हितों और पश्चिमी क्षेत्र की सुरक्षा को खतरा पैदा हो रहा है।
अमेरिकी विदेश और वित्त विभाग के अनुसार, प्रतिबंधित वेनेजुएला की एक कंपनी ईरान द्वारा डिजाइन किए गए लड़ाकू मानवरहित हवाई वाहनों (यूएवी) की करोड़ों डॉलर की बिक्री में शामिल थी। इसके अलावा, कुछ अन्य संस्थाओं और व्यक्तियों पर ईरान के ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम से जुड़े खरीद नेटवर्क को समर्थन देने का आरोप लगाया गया है।
Caracas Blasts : अमेरिकी विदेश विभाग के उपप्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने कहा कि जिन संस्थाओं और लोगों पर प्रतिबंध लगाए गए हैं, वे संयुक्त राष्ट्र की पाबंदियों का उल्लंघन करते हुए ईरान के सैन्य कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने में भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका इन गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने के लिए कदम उठाता रहेगा।
ईरान के ड्रोन कार्यक्रम खतरा
Caracas Blasts : वहीं, अमेरिकी वित्त विभाग ने कहा है कि ईरान के ड्रोन और मिसाइल कार्यक्रम मध्य पूर्व में अमेरिका और उसके सहयोगियों के लिए खतरा बने हुए हैं और लाल सागर में वाणिज्यिक जहाजरानी को भी प्रभावित कर रहे हैं।
इससे पहले दिसंबर 2025 में सीआइए द्वारा वेनेजुएला के तट पर स्थित एक डॉक सुविधा पर ड्रोन हमले की जानकारी भी सामने आई थी। सूत्रों के मुताबिक, उस स्थान का इस्तेमाल कथित तौर पर ड्रग्स के भंडारण और शिपमेंट के लिए किया जा रहा था।







