पटना, 3 जनवरी। Patna Tragedy : बिहार की राजधानी पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। दमड़िया इलाके में एक युवक के आत्महत्या करने के बाद उसकी मां गहरे सदमे में चली गईं, जिसके कारण उनकी भी जान चली गई। इस घटना से पूरा इलाका शोक में डूब गया है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात दमड़िया मोहल्ले में एक युवक ने अपने घर में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बेटे की हालत देखकर उसकी मां शाहनाज सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकीं और मौके पर ही उनकी तबीयत बिगड़ गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि मानसिक आघात के कारण उन्हें दिल का दौरा पड़ा।
Patna Tragedy : घर में बना रहता था तनाव
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, युवक पटना के एक होटल में काम करता था और पारिवारिक परिस्थितियों को लेकर घर में तनाव बना रहता था। इन हालातों से परिवार के सदस्य मानसिक दबाव में थे।
बेसुध हो गई थी मां
Patna Tragedy : बताया जा रहा है कि रात के समय हुई इस घटना के बाद मां बेसुध हो गईं। जब उन्हें होश आया तो वह बेटे के पास बैठकर रोने लगीं, इसी दौरान उनकी हालत और बिगड़ गई।
आसपास के लोगों की मदद से दोनों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में मातम छा गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे और पारिवारिक तनाव जैसी समस्याओं के कारण एक पूरा परिवार उजड़ गया। घटना के बाद परिवार के अन्य सदस्य गहरे सदमे में हैं।







