नई दिल्ली, 2 जनवरी। Forex Reserves India : भारत की आर्थिक मजबूती को दर्शाता विदेशी मुद्रा भंडार लगातार बढ़त बना रहा है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआइ) द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 26 दिसंबर को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 3.293 अरब डॉलर की बढ़ोतरी के साथ 696.610 अरब डॉलर तक पहुंच गया है।
इससे पहले वाले सप्ताह में भी विदेशी मुद्रा भंडार में 4.368 अरब डॉलर की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई थी, जिससे साफ है कि देश की बाहरी वित्तीय स्थिति लगातार मजबूत हो रही है।
Forex Reserves India : गोल्ड रिजर्व में बड़ी छलांग
आरबीआइ के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा हिस्सा माने जाने वाले फॉरेन करेंसी एसेट्स (एफसीए) की वैल्यू 184 मिलियन डॉलर बढ़कर 559.612 अरब डॉलर हो गई है। वहीं, गोल्ड रिजर्व में बड़ी छलांग देखने को मिली है। सोने का भंडार 2.956 अरब डॉलर बढ़कर 113.320 अरब डॉलर पर पहुंच गया।
विशेषज्ञों के अनुसार, गोल्ड रिजर्व में यह तेज बढ़ोतरी अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में आई मजबूती का नतीजा है। फिलहाल वैश्विक बाजार में सोने का भाव करीब 4,400 डॉलर प्रति औंस के आसपास बना हुआ है।
एसडीआर की वैल्यू 60 मिलियन डॉलर बढ़ी
Forex Reserves India : इसके अलावा, स्पेशल ड्रॉइंग राइट्स (एसडीआर) की वैल्यू 60 मिलियन डॉलर बढ़कर 18.803 अरब डॉलर हो गई है, जबकि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आइएमएफ) के पास भारत की रिजर्व पोजीशन 93 मिलियन डॉलर बढ़कर 4.875 अरब डॉलर पर पहुंच गई है।
अर्थशास्त्रियों का कहना है कि किसी भी देश के लिए विदेशी मुद्रा भंडार उसकी आर्थिक सेहत का मजबूत संकेतक होता है। यह न केवल देश की भुगतान क्षमता को दर्शाता है, बल्कि रुपये की विनिमय दर को स्थिर रखने में भी अहम भूमिका निभाता है।
उदाहरण के तौर पर, यदि डॉलर के मुकाबले रुपये पर दबाव बढ़ता है और उसकी कीमत गिरने लगती है, तो केंद्रीय बैंक विदेशी मुद्रा भंडार का उपयोग कर बाजार में हस्तक्षेप करता है और रुपये को स्थिर बनाए रखने का प्रयास करता है।
देश में विदेशी मुद्रा की आवक मजबूत
Forex Reserves India : बढ़ता हुआ विदेशी मुद्रा भंडार इस बात का संकेत भी है कि देश में विदेशी मुद्रा की आवक मजबूत बनी हुई है। इससे न सिर्फ भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार और निवेश के लिहाज से भी देश की स्थिति और बेहतर होती है।







