टिहरी गढ़वाल, 23 अप्रैल। Tehri Accident Crash : उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में बुधवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। थाना चंबा क्षेत्र के अंतर्गत चंबा-कोटी कॉलोनी रोड पर नैल के पास एक यूटिलिटी पिकअप वाहन (मैक्स) अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस भयावह दुर्घटना में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
वाहन में 10 लोग सवार थे
Tehri Accident Crash : जानकारी के अनुसार, वाहन में कुल 10 लोग सवार थे और सभी एक ही क्षेत्र के निवासी थे। यह वाहन ऋषिकेश से घनसाली की ओर जा रहा था। सभी यात्री घनसाली क्षेत्र के चांजी, ठेला और चकरेडा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वे हरिद्वार में एक अंतिम संस्कार में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वाहन नैल के पास पहुंचा, अचानक चालक का नियंत्रण खो गया और वाहन सीधा गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत बचाव कार्य के लिए दौड़ पड़े।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में 8 लोगों की मौत हुई है। वहीं, 2 घायलों को स्थानीय लोगों और रेस्क्यू टीम की मदद से खाई से बाहर निकालकर तत्काल जिला अस्पताल बौराड़ी भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। दोनों घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घायलों की पहचान हुई
Tehri Accident Crash : घायलों की पहचान उत्तम कुमार (30 वर्ष), पुत्र पुस्सू, निवासी ग्राम लोस्तु बड़ियारगढ़ और अंकित (22 वर्ष), पुत्र आशा लाल, निवासी ग्राम नेलचामी, घनसाली के रूप में हुई है। डॉक्टरों की निगरानी में दोनों का इलाज चल रहा है।
राहत और बचाव कार्य शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन को तेजी से अंजाम दिया गया, ताकि फंसे हुए लोगों को समय रहते बाहर निकाला जा सके। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल स्वयं घटनास्थल के लिए रवाना हुईं और पूरे हालात की निगरानी की। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे और घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया।
पूरे क्षेत्र में अलर्ट
प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया है। एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। खाई में गिरे वाहन को निकालने और मृतकों के शवों को बाहर लाने का काम भी तेजी से किया जा रहा है।
पहाड़ी क्षेत्रों में इस तरह की सड़क दुर्घटनाएं अक्सर चिंता का विषय बनी रहती हैं। संकरी और घुमावदार सड़कें, खराब मौसम और तेज रफ्तार कई बार ऐसे दर्दनाक हादसों का कारण बनती हैं। यह घटना एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षित ड्राइविंग और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता को उजागर करती है।
हादसों के कारणों की जांच होगी
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने कहा कि इस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी और जो भी इसके लिए जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन भी दिया है।






