राजगीर, 13 दिसंबर । Police Passing Out : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को नालंदा जिले स्थित बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर में आयोजित प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षकों के दीक्षांत परेड समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने खुली जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया, सलामी ली और प्रशिक्षुओं का उत्साह बढ़ाया।
निष्ठा से करें कर्तव्य का पालन
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि समाज में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने प्रशिक्षु अवर निरीक्षकों से अपेक्षा जताई कि वे अपने कर्तव्यों का पालन पूरी निष्ठा, ईमानदारी, संवेदनशीलता और अनुशासन के साथ करेंगे।
मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षकों को सम्मानित भी किया। दीक्षांत परेड के दौरान सभी प्रशिक्षुओं को शपथ दिलाई गई। ध्वजरोही वाहकों ने राष्ट्रीय ध्वज और अकादमी ध्वज के साथ अनुशासित परेड का प्रदर्शन किया, जिसे देखकर उपस्थित लोगों ने सराहना की।
अकादमी परिसर का निरीक्षण
दीक्षांत परेड से पहले मुख्यमंत्री ने बिहार पुलिस अकादमी परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान जानकारी दी गई कि राज्य सरकार ने अकादमी के विस्तार के लिए परिसर से सटी 22 एकड़ अतिरिक्त भूमि के अधिग्रहण को मंजूरी दी है। नालंदा जिला प्रशासन द्वारा भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया की जा रही है। इस भूमि पर नया प्रशासनिक भवन, परेड मैदान, अधिकारियों के आवास और अन्य आधारभूत सुविधाओं का निर्माण प्रस्तावित है।
विभिन्न जिलों में होगी तैनाती
Police Passing Out : गौरतलब है कि वर्ष 2023 बैच के कुल 1218 प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षकों का बुनियादी प्रशिक्षण शनिवार को पूरा हुआ, जिनमें 436 महिलाएं शामिल हैं। इसके साथ ही पहली बार नियुक्त किए गए तीन ट्रांसजेंडर पुलिस अवर निरीक्षकों को भी प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद इन सभी अवर निरीक्षकों की राज्य के विभिन्न जिलों में तैनाती की जाएगी।
बिहार पुलिस अकादमी की स्थापना वर्ष 2008 में हुई थी, जिसके लिए राजगीर में 133 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई गई थी। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार भी मौजूद रहे।







