ओम वर्मा, पटना। Bihar NDA : बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया है। शुरुआती रुझानों में एनडीए 195 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जिससे गठबंधन 200 सीटों के ऐतिहासिक आंकड़े के करीब पहुंच गया है।
चुनाव आयोग के दोपहर 12:30 बजे तक आए रुझानों के अनुसार, भाजपा 87 सीटों पर आगे चल रही है और अब तक की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। उसके सहयोगी दल जदयू ने 79 सीटों पर बढ़त हासिल की है।
लोजपा भी अच्छी स्थिति में
Bihar NDA : एनडीए के अन्य घटक दलों में लोजपा (रामविलास) 21 सीटों पर, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा 5 सीटों पर और राष्ट्रीय लोक मोर्चा 3 सीटों पर आगे है।
यदि यही रुझान अंतिम नतीजों में बदलते हैं तो यह 2010 के बाद एनडीए की दूसरी सबसे बड़ी जीत होगी।
यह हुआ था 2010 में
Bihar NDA : 2010 के चुनाव में जदयू–भाजपा गठबंधन ने 206 सीटों पर विजय हासिल की थी। उस चुनाव में जदयू 115 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी थी, जबकि भाजपा ने 91 सीटें जीती थीं। वहीं राजद नेतृत्व वाले गठबंधन को केवल 25 सीटों पर जीत मिली थी।
महागठबंधन को जनता ने नकारा
Bihar NDA : इस बार महागठबंधन को जनता ने स्पष्ट रूप से नकार दिया है। राजद सिर्फ 31 सीटों पर और कांग्रेस 5 सीटों पर आगे है। भाकपा-माले 6 सीटों पर, जबकि माकपा और भाकपा एक-एक सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं।
चुनाव आयोग के अनुसार एआइएमआइएम को चार और बहुजन समाज पार्टी को एक सीट पर बढ़त है।
गौरतलब है कि यह रुझान मतगणना के शुरुआती चरणों पर आधारित है। आखिरी चरण तक आंकड़ों में बदलाव संभव है।
सुबह 8 बजे शुरू हुई गिनती
Bihar NDA : सभी 243 विधानसभा सीटों की गिनती सुबह 8 बजे शुरू हुई। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की गई, जिसके बाद सुबह 8.30 बजे से ईवीएम के वोट खोले जाने लगे।
Author: ohm verma
Om Verma (ohm verma) is a graduate from Motilal Nehru College of Delhi University. He has done Journalism and Mass Communication from Kurukshetra University. He has worked in Hari Bhoomi newspaper published from Haryana. After this, he worked for Dainik Jagran as Chief Sub Editor for a long time. He held many important roles in the Noida office. During this time, he participated in debates on many national TV channels.







