निवेदिता झा, मोतिहारी। Bihar Elections : बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान कल यानी 11 नवंबर को होना है। सियासी हलचल तेज़ हो गई है। सभी राजनीतिक दल अपनी पूरी ताकत झोंक चुके हैं। लेकिन इस बार चुनावी शोर के बीच मतदाता खामोश हैं — और यही खामोशी हर नेता को बेचैन कर रही है।
राजनीति के गलियारों में चर्चा है कि जनता इस बार किसे मौका देगी, यह समझना मुश्किल हो गया है। कहीं तीनकोणीय तो कहीं चारकोणीय मुकाबले ने तस्वीर और जटिल बना दी है।
चुनाव आयोग के मुताबिक, दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर वोटिंग होगी। इनमें 101 सामान्य, 19 अनुसूचित जाति और 2 अनुसूचित जनजाति की सीटें शामिल हैं। करीब 3 करोड़ 70 लाख मतदाता कल अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। नतीजे 14 नवंबर को घोषित होंगे।
सात समुंदर पार से अपने बिहार के लिए संदेश
Bihar Elections : इसी बीच, बिहार के मतदाताओं को एक भावनात्मक संदेश सात समुंदर पार से मिला है। पूर्वी चंपारण जिले के हुसैनी गांव के मूल निवासी अजित पांडेय, जो इस समय अपनी पत्नी अस्मिता पांडेय और दो साल की बेटी के साथ अमेरिका में रहते हैं, ने बिहार के लोगों से अपने दिल की बात कही है।
भावुक स्वर
Bihar Elections : अजित ने भावुक स्वर में कहा— “हम हर दिन अपने बिहार को याद करते हैं। मेरी धड़कन में मेरी माटी बसती है। इस चुनाव में मन तो बहुत था कि वोट देने अपने गांव आऊं, लेकिन कंपनी से छुट्टी नहीं मिली। फिर भी, मैं अपने सभी भाइयों और बहनों से कहना चाहता हूं — इस बार ऐसा वोट करें जिससे बिहार आगे बढ़े, ताकि हमें अपनी माटी छोड़नी न पड़े।”
अस्मिता ने भी की अपील
Bihar Elections : उनकी पत्नी अस्मिता ने भी एक संवेदनशील अपील की — “इस बार सोच-समझकर वोट करें। अपने बच्चों के भविष्य के लिए वोट करें। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को प्राथमिकता दें। बिहार को भी एक ऐसा हब बनाना होगा, जैसा बेंगलुरु आइटी के लिए और मुंबई व्यापार के लिए है। हमारे बिहार में भी संभावनाएं हैं, बस सही नेतृत्व की जरूरत है।”
दिल टूटता है जब
Bihar Elections : अजित ने कहा— “दिल टूटता है जब सुनते हैं कि बिहार का बच्चा किसी दूसरे राज्य में मजदूरी कर रहा है। ऐसा क्यों हो? अगर हमारे बिहार में ही शिक्षा और रोजगार मिले तो कितना अच्छा होगा। हम प्रवासी भारतीय हमेशा यही सपना देखते हैं कि एक दिन हमारा बिहार आत्मनिर्भर बने — ताकि कोई अपनी माटी छोड़कर दूर न जाए।”
अंत में उन्होंने बिहार के मतदाताओं से भावनात्मक अपील की — “इस बार ऐसे उम्मीदवार को चुनिए जो सच में आपके लिए बोले, जो विधानसभा में शिक्षा, रोजगार और विकास की बात करे। ऐसे नेता को वोट करें जो आपके सपनों का बिहार बना सके।”
अमित कुशवाहा ने की यह खास अपील
Bihar Elections : उधर पूर्वी चंपारण के पीपरा सीट से एलसीपी प्रत्याशी अमित कुशवाहा ने भी वोटरों से अपील की है। उन्होंने वोटरों से अधिक से अधिक संख्या में घरों से निकल कर बेहतर बिहार के लिए वोट करने की अपील की है। वहीं ढाका से जनसुराज के प्रवक्ता सिकंदर यादव ने भी बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए घरों से बाहर निकल कर वोट करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आपका एक वोट बदलाव ला सकता है।
मतदाता विवरण
Bihar Elections : बिहार में कुल मतदाताओं की संख्या लगभग 7.43 करोड़ है। इसमें 3.92 करोड़ पुरुष और 3.50 करोड़ महिला मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा, 1,725 थर्ड जेंडर मतदाता, लगभग 7.2 लाख दिव्यांग मतदाता, और 4.04 लाख 85 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिक भी वोटर सूची में हैं। 100 साल से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 14 हजार है। नए वोटरों की संख्या लगभग 14 लाख है।
पिछला चुनावी रुझान
Bihar Elections : 2020 के विधानसभा चुनावों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने 125 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया था, जबकि महागठबंधन ने 110 सीटें जीती थीं। इस चुनाव में राजद 75 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी। कोविड-19 महामारी के बाद यह पहला बड़ा चुनाव था, जिसमें 56.93 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
Author: Nivedita Jha
Nivedita Jha is a graduate from Baba Saheb Bhimrao Ambedkar University. She is also a double post graduate. She has also done journalism. She has five years of experience in journalism.







