अररिया, 9 नवंबर। Bihar Elections : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अररिया जिले के नरपतगंज हाईस्कूल स्टेडियम में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों — कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और समाजवादी पार्टी (सपा) — पर तीखा हमला बोला।
चुनाव प्रचार के अंतिम दिन योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिहार में “फिर से जंगलराज लाने की कोशिश करने वालों” को जनता को रोकना होगा।
“पंचर बनाने वाले विकास को पंचर करने निकले हैं”
Bihar Elections : योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में कहा— “पंचर बनाने वाले यहां आकर विकास को पंचर करने का काम करना चाहते हैं। बिहार की जनता को सतर्क रहना होगा कि नरपतगंज किसी भी तरह से घुसपैठियों का लॉन्चिंग पैड न बने।”
उन्होंने कहा कि बिहार वह धरती है जिसने दुनिया को नालंदा विश्वविद्यालय और ज्ञान की रोशनी दी, लेकिन कांग्रेस और राजद की सरकारों ने इस राज्य को अराजकता और निरक्षरता की ओर धकेल दिया।
उन्होंने कहा, “यह वही पवित्र भूमि है जिसने मां जानकी, महात्मा बुद्ध और भगवान महावीर को जन्म दिया, और जहां से आर्यभट्ट, चाणक्य और चंद्रगुप्त मौर्य जैसे महान व्यक्तित्व निकले। लेकिन कांग्रेस-राजद की जोड़ी ने इसी धरती को जातीय विभाजन और माफियागीरी से कलंकित कर दिया।”
“कांग्रेस-राजद की करनी से बिहार बीमारू बना”
Bihar Elections : योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस और राजद ने सरकारी खजाने लूटे, समाज को जाति के नाम पर बांटा और नौजवानों को बेरोजगार किया।
उन्होंने कहा, “इनकी करनी से बिहार बीमारू बन गया। जबकि यह वही भूमि है जिसने भारत को स्वर्ण युग दिया था।”
उन्होंने विपक्षी गठबंधन पर आरोप लगाया कि कांग्रेस, राजद और उनके सहयोगी जातिगत राजनीति और माफिया तंत्र को बढ़ावा देकर बिहार में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
योगी बोले, “जो लोग यूपी में माफिया का समर्थन करते थे, अब वही लोग बिहार में भी अराजकता फैलाना चाहते हैं। लेकिन यूपी में अब बुलडोजर माफियाओं पर चलता है — उनकी हड्डी पसली एक कर दी जाती है, और उनकी जमीनों पर गरीबों के लिए घर बनाए जा रहे हैं।”
“डबल इंजन सरकार से बिहार में बढ़ा विकास”
Bihar Elections : सीएम योगी ने कहा कि जब से बिहार कांग्रेस-राजद की राजनीति से बाहर निकला है, तब से विकास की राह खुली है।
उन्होंने नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संयुक्त सरकार की तारीफ करते हुए कहा— “2005 के बाद बिहार में सड़कों, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुआ है। मोदी जी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में विकास और तेज हुआ है।”
योगी ने कहा कि ‘डबल इंजन की सरकार’ ने गांवों तक योजनाओं को पहुंचाया है और अब बिहार में भी वही तेज प्रगति दिख रही है, जो उत्तर प्रदेश में हुई है।
उन्होंने कहा, “न कर्फ्यू, न दंगा — यूपी में सब चंगा। यही डबल इंजन सरकार का मॉडल है।”
“राम मंदिर के निर्माण से आस्था और विकास दोनों को मिला सम्मान”
Bihar Elections : अपने भाषण में योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भाजपा और एनडीए जो कहते हैं, उसे करके दिखाते हैं।
“कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा देकर कहा था कि राम तो हुए ही नहीं। आरजेडी ने रथयात्रा रोकी थी, और समाजवादी पार्टी ने रामभक्तों पर गोली चलाई थी। लेकिन आज भगवान श्रीराम भव्य मंदिर में विराजमान हैं। यह एनडीए के वादों की सच्चाई का प्रमाण है।”
योगी ने कहा कि भाजपा और एनडीए आस्था के साथ-साथ विकास के भी प्रतीक हैं, जबकि विपक्षी दल केवल सत्ता के लिए गठबंधन करते हैं।
उन्होंने जनता से अपील की कि वे ऐसे लोगों से सावधान रहें जो “बिहार को फिर से पिछड़ेपन और अराजकता की ओर ले जाना चाहते हैं।”







