'एन पी एन लाइव'

Youth Adda : यूथ अड्डा: उत्तर प्रदेश में जेन जी के सपनों को मिल रहा उद्यमिता का नया मंच

SHARE:

लखनऊ, 28 जुलाई। Youth Adda : बदलते दौर के साथ युवाओं की सोच भी तेजी से बदल रही है। आज की जेनरेशन जेड (जेन जी) केवल सरकारी या निजी नौकरी तक सीमित रहना नहीं चाहती। यह पीढ़ी नए विचारों, तकनीक, स्टार्टअप, डिजिटल बिजनेस और आत्मनिर्भरता के रास्ते पर आगे बढ़ना चाहती है। इंटरनेट और स्मार्टफोन के साथ पली-बढ़ी इस पीढ़ी के लिए सफलता का मतलब सिर्फ रोजगार पाना नहीं, बल्कि नए अवसर पैदा करना भी है। यही वजह है कि उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

इसी सोच को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार ने ‘यूथ अड्डा’ जैसी अभिनव पहल शुरू की है। यह केवल एक प्रशिक्षण केंद्र नहीं, बल्कि ऐसा मंच है, जहां युवाओं को विचार से लेकर कारोबार शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने तक हर स्तर पर सहयोग देने की व्यवस्था की गई है।

नई पीढ़ी की नई सोच को मिला सरकारी सहयोग

आज का युवा सिर्फ आर्थिक सहायता या ऋण नहीं चाहता। वह चाहता है कि उसके विचार को समझा जाए, उसे विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिले, कारोबार शुरू करने की प्रक्रिया आसान बने और बाजार तक उसकी पहुंच सुनिश्चित हो। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यूथ अड्डा की परिकल्पना की गई है।

यहां युवाओं को बिजनेस आइडिया विकसित करने, परियोजना रिपोर्ट तैयार करने, बैंक ऋण प्राप्त करने, सरकारी योजनाओं की जानकारी लेने, डिजिटल मार्केटिंग सीखने और अनुभवी उद्यमियों से जुड़ने का अवसर एक ही स्थान पर मिलता है। सरकार का मानना है कि यदि सही समय पर सही मार्गदर्शन मिल जाए तो युवा अपनी क्षमता के अनुरूप सफल उद्यमी बन सकते हैं।

सिर्फ प्रशिक्षण नहीं, संपूर्ण उद्यमिता इकोसिस्टम

Youth Adda : यूथ अड्डा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसे पारंपरिक प्रशिक्षण केंद्र की तरह नहीं, बल्कि संपूर्ण उद्यमिता इकोसिस्टम के रूप में विकसित किया गया है। यहां व्यवसाय शुरू करने के हर चरण में युवाओं का साथ दिया जाता है।

बिजनेस मॉडल तैयार करने से लेकर वित्तीय सहायता, तकनीकी प्रशिक्षण, डिजिटल ब्रांडिंग, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म, फ्रेंचाइजी मॉडल और बाजार तक पहुंच बनाने जैसी सभी सुविधाओं को एक मंच पर उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है। इससे युवा केवल योजना के लाभार्थी नहीं रहते, बल्कि अपने भविष्य के निर्माता बनने की दिशा में आगे बढ़ते हैं।

कॉलेज से ही तैयार होंगे भविष्य के उद्यमी

प्रदेश सरकार का मानना है कि उद्यमिता की शुरुआत नौकरी मिलने के बाद नहीं, बल्कि छात्र जीवन से ही होनी चाहिए। इसी उद्देश्य से यूथ अड्डा का विशेष फोकस विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, पॉलीटेक्निक और आईटीआई संस्थानों के विद्यार्थियों पर रखा गया है।

छात्रों को प्रेरित किया जा रहा है कि वे केवल डिग्री हासिल कर नौकरी की कतार में खड़े होने की बजाय समाज की समस्याओं का समाधान खोजें और उन्हें व्यवसायिक अवसरों में बदलें। इस सोच के माध्यम से युवाओं में नवाचार, नेतृत्व और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

भविष्य की तकनीकों पर विशेष फोकस

Youth Adda : तकनीक तेजी से बदल रही है और आने वाली अर्थव्यवस्था पूरी तरह डिजिटल तथा तकनीक आधारित होने जा रही है। इसे ध्यान में रखते हुए यूथ अड्डा में युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ड्रोन टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी), डिजिटल कॉमर्स, ई-कॉमर्स और आधुनिक डिजिटल टूल्स का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

सरकार का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को केवल स्थानीय स्तर तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है, ताकि वे बदलती अर्थव्यवस्था में अपनी मजबूत पहचान बना सकें।

हर कदम पर मिलेगा विशेषज्ञों का मार्गदर्शन

कई बार अच्छे विचार होने के बावजूद युवा सही दिशा और तकनीकी जानकारी के अभाव में अपना व्यवसाय शुरू नहीं कर पाते। यूथ अड्डा इस चुनौती को भी दूर करने का प्रयास कर रहा है।

यहां युवाओं को परियोजना रिपोर्ट तैयार करने, बैंक ऋण प्राप्त करने, उद्यम पंजीकरण, जीएसटी से जुड़ी प्रक्रियाएं समझने, डिजिटल ब्रांडिंग, गूगल बिजनेस प्रोफाइल, व्हाट्सएप बिजनेस, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जुड़ने और कारोबार के विस्तार तक लगातार मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

इसके अलावा पहली बार व्यवसाय शुरू करने वाले युवाओं का जोखिम कम करने के लिए 100 से अधिक तैयार फ्रेंचाइजी मॉडल भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे वे अपेक्षाकृत सुरक्षित तरीके से अपना उद्यम शुरू कर सकें।

गांव से शहर तक पहुंचेगा अवसरों का यह मंच

यूथ अड्डा की अवधारणा केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रखी गई है। सरकार का लक्ष्य इसे उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों तक पहुंचाना है, ताकि छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को भी समान अवसर मिल सकें।

इसके साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों को पैकेजिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग जैसी सुविधाओं से जोड़ने की भी योजना है। स्थानीय उत्पादों को व्यावसायिक पहचान दिलाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में भी इस पहल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सालभर सक्रिय रहेगा उद्यमिता का मंच

Youth Adda : यूथ अड्डा केवल एक कार्यालय या प्रशिक्षण केंद्र नहीं होगा, बल्कि वर्षभर सक्रिय रहने वाला ऐसा मंच होगा जहां युवाओं के लिए विभिन्न कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।

इन कार्यक्रमों में बैंकर्स मीट, टेक फेस्ट, स्टार्टअप क्लिनिक, बिजनेस आइडिएशन वर्कशॉप, फाउंडर्स टॉक, नारी शक्ति श्रृंखला, कॉलेज आउटरीच अभियान और सफल उद्यमियों के अनुभव साझा करने जैसे आयोजन शामिल हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं को प्रेरित करने के साथ-साथ उन्हें उद्योग जगत से सीधे जोड़ना भी है।

2027 तक बड़े लक्ष्य, लाखों युवाओं को मिलेगा लाभ

प्रदेश सरकार ने इस पहल के लिए महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किए हैं। वर्ष 2027 तक पांच लाख युवाओं को यूथ अड्डा से जोड़ने, एक हजार करोड़ रुपये से अधिक का ऋण उपलब्ध कराने, 10 हजार से अधिक नए उद्यम और फ्रेंचाइजी स्थापित करने तथा 25 हजार से अधिक सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को मजबूत बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

सरकार का विश्वास है कि यदि बड़ी संख्या में युवा उद्यमी बनते हैं तो प्रदेश में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी और उत्तर प्रदेश के एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य को नई गति मिलेगी।

यूपीकॉन निभा रहा है अहम भूमिका

Youth Adda : इस पूरी पहल के सफल क्रियान्वयन में उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीकॉन) महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यूपीकॉन के प्रबंध निदेशक प्रवीण सिंह के अनुसार, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा) के अंतर्गत संचालित यूथ अड्डा को प्रदेश में उद्यमिता का सशक्त मंच बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।

यूपीकॉन युवाओं को प्रशिक्षण, मेंटरशिप, परियोजना परामर्श, बैंकिंग सहायता, डिजिटल सशक्तीकरण और उद्योग जगत से जुड़ाव जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। साथ ही विभिन्न सरकारी विभागों, वित्तीय संस्थानों और उद्योग विशेषज्ञों के बीच समन्वय स्थापित कर युवाओं को बेहतर अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।

आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की ओर एक मजबूत कदम

उत्तर प्रदेश सरकार का मानना है कि यदि युवा रोजगार तलाशने की बजाय रोजगार सृजित करने की दिशा में आगे बढ़ेंगे तो इससे न केवल प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि विकसित भारत 2047 और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के विजन को भी नई गति मिलेगी। यूथ अड्डा इसी सोच का विस्तार है, जो नई पीढ़ी को नवाचार, तकनीक और उद्यमिता के माध्यम से अपने सपनों को साकार करने का अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बनकर उभर रहा है।

jahanvi singh
Author: jahanvi singh

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई