Winter Health Tips : स्थानीय आहार से मिलेगी गर्माहट और ताकत
निवेदिता झा, नई दिल्ली। Winter Health Tips : कड़ाके की ठंड, शीतलहर और घना कोहरा इस मौसम में सेहत के लिए बड़ी चुनौती बन जाते हैं। ठंड के कारण शरीर सुस्त पड़ने लगता है और सर्दी-जुकाम से लेकर जोड़ों के दर्द तक कई परेशानियां सामने आती हैं। ऐसे में भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने सर्दियों में खुद को फिट और फाइन रखने के लिए उपयोगी टिप्स साझा किए हैं।
मौसमी भोजन ही है सेहत की कुंजी
Winter Health Tips : आयुष मंत्रालय के अनुसार सर्दियों में मौसमी और स्थानीय भोजन को अपनाना बेहद जरूरी है। बाजरा, ज्वार, मक्का, जौ और रागी जैसे मोटे अनाज डाइट में शामिल करने की सलाह दी गई है। इसके साथ दूध, हरी सब्जियां और मौसमी फल लेने से शरीर को जरूरी पोषण मिलता है।
गरम-ताजा खाना, सर्दी से बचाव का मंत्र
Winter Health Tips : मंत्रालय ने ठंड के मौसम में गरम और ताजा भोजन खाने पर जोर दिया है। पारंपरिक चीजें जैसे गुड़ और घी को डाइट का हिस्सा बनाने से शरीर गर्म रहता है। गुड़ आयरन का अच्छा स्रोत है, जबकि घी ताकत देने के साथ जोड़ों को भी मजबूत करता है।

खानपान के साथ जीवनशैली में बदलाव जरूरी
Winter Health Tips : विशेषज्ञों का मानना है कि मौसम के अनुसार जीवनशैली में बदलाव करने से न केवल सर्दियों में फिट रहा जा सकता है, बल्कि पूरे साल स्वास्थ्य बेहतर बना रहता है। स्थानीय और मौसमी भोजन अपनाने से पर्यावरण के साथ भी तालमेल बनता है।
आयुर्वेदिक सिद्धांतों पर आधारित सलाह
आयुष मंत्रालय के आयुर्वेद आधारित सुझावों में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। मोटे अनाज, दूध, हरी सब्जियां और फल शरीर को ऊर्जा देते हैं और ठंड से लड़ने में मदद करते हैं।
खाना पकाने के तरीके पर भी रखें नजर
सर्दियों में भोजन पकाते समय सही मात्रा में तेल या घी का उपयोग करने की सलाह दी गई है। शहद और गुड़ जैसी प्राकृतिक मिठास वाली चीजें शरीर की गर्मी बढ़ाने और इम्युनिटी मजबूत करने में सहायक होती हैं। ताजा और गरम भोजन पाचन को बेहतर बनाता है।

ठंडी चीजों से रखें दूरी
Winter Health Tips : आयुष मंत्रालय की सबसे अहम सलाह है कि सर्दियों में ठंडी चीजों से बचें। आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक या फ्रिज का ठंडा पानी शरीर की गर्मी कम कर सकता है और सर्दी-जुकाम जैसी समस्याएं बढ़ा सकता है।
थोड़ा ध्यान, बड़ी राहत
मंत्रालय का कहना है कि खानपान और जीवनशैली में किए गए ये छोटे-छोटे बदलाव सर्दियों को न केवल आरामदायक बनाते हैं, बल्कि शरीर को स्वस्थ और ऊर्जावान भी रखते हैं।
Author: Nivedita Jha
Nivedita Jha is a graduate from Baba Saheb Bhimrao Ambedkar University. She is also a double post graduate. She has also done journalism. She has five years of experience in journalism.







