गोपालगंज, 18 दिसंबर। Thawe Temple Theft : बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर किए जा रहे दावों के बीच आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। गोपालगंज जिले में स्थित प्रसिद्ध थावे मंदिर में बुधवार देर रात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर माता के कई बहुमूल्य आभूषण लेकर फरार हो गए, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। थावे मंदिर देवी मां थावे वाली को समर्पित बिहार का एक प्रमुख शक्ति पीठ है, जहां दूर-दराज से श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं।
पीछे की सीढ़ी के सहारे पहुंचे थे चोर
Thawe Temple Theft : पुलिस के अनुसार, चोर बुधवार रात मंदिर के पीछे की ओर से सीढ़ी के सहारे पहुंचे और रस्सी की मदद से परिसर में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने तीन ताले काटकर गर्भगृह में प्रवेश किया और माता का सोने का मुकुट, माला सहित सोने-चांदी के कई आभूषण चुरा लिए।
एफएसएल की टीम बुलाई गई
Thawe Temple Theft : पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ले रहे हैं। जांच को आगे बढ़ाने के लिए एफएसएल की टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही
Thawe Temple Theft : मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में सीसीटीवी में मास्क पहने दो संदिग्ध चोर नजर आए हैं। फुटेज में एक आरोपित के हाथ में लोहे का कटर दिखाई दे रहा है। दोनों आरोपित गर्भगृह से आभूषण एक बैग में भरकर बाहर निकलते हुए दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। मंदिर में तैनात सुरक्षा गार्डों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बताया कि चोरी में एक सोने का हार, माता का मुकुट और छतरी शामिल हैं। मामले की जांच कई बिंदुओं पर की जा रही है और तकनीकी टीम को भी लगाया गया है।
आस्था का प्रमुख केंद्र है थावे मंदिर
Thawe Temple Theft : गौरतलब है कि थावे मंदिर बिहार ही नहीं, बल्कि देश के अन्य हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं के बीच भी आस्था का प्रमुख केंद्र है। नवरात्रि और अन्य पर्वों के दौरान यहां भव्य मेले और जागरण का आयोजन होता है। मंदिर परिसर में भक्तिभाव का माहौल रहता है और दर्शन के लिए श्रद्धालु घंटों कतार में खड़े रहते हैं।







