नई दिल्ली। terrorist attack : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए मंगलवार को आतंकवादी हमले में 25 पर्यटकों की मौत हो गई है। 30 से अधिक घायल बताए गए हैं। सेना ने इलाके में आतंकवादियों के खिलाफ सघन अभियान शुरू कर दिया है। घटना में हताहतों और उनके परिजनों की सहायता के लिए श्रीनगर में एक आपातकालीन नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक सेना की वर्दी पहने दो-तीन आतंकवादी दोपहर करीब 2.30 बजे बैसरन इलाके में घुड़सवारी कर रहे पर्यटकों पर गोलियां चलाने लगे। बैसरन पहलगाम बाजार से तीन-चार किलोमीटर दूर एक छोटा सा घास का मैदान है और पर्यटक यहां तक घोड़ों से आते हैं क्योंकि यहां पहुंचने के लिए कोई पक्की सड़क नहीं है।
सेना के अधिकारियों ने बताया कि नियंत्रण कक्ष के नंबर 0194-2457543, 0194-2483651 हैं। एडीसी श्रीनगर आदिल फरीद – 7006058623 इस नंबर पर सहायता के लिए उपलब्ध रहेंगे।

सेना के उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल सुचिन्द्र कुमार इस आतंकवादी हमले के बाद दिल्ली से जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर के लिए रवाना हो चुके हैं। वह जम्मू-कश्मीर में सेना द्वारा आतंकवादियों के खिलाफ हो रही कार्रवाई की जानकारी लेंगे। जम्मू-कश्मीर में जब यह हमला हुआ तब लेफ्टिनेंट जनरल एम.वी. सुचिन्द्र कुमार दिल्ली में थे। वह एक कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के लिए दिल्ली आए थे।
रक्षा मंत्री ने सेना प्रमुख से बात की
आतंकवादी हमले के संबंध में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी से भी बात की है। उन्होंने पहलगाम की स्थिति और उसके बाद के हालातों की जानकारी ली। सेना और सुरक्षाबलों ने पहलगाम में संदिग्ध स्थानों की घेराबंदी शुरू कर दी है। सेना और अन्य सुरक्षा बल हेलिकॉप्टर से भी संदिग्ध इलाके की निगरानी कर रहे हैं।
सर्च आपरेशन शुरू
आतंकवादी हमले के तुरंत बाद इलाके में सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। इसमें सेना के साथ-साथ सीआरपीएफ, स्थानीय पुलिस और क्विक रिएक्शन टीम भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी है।
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में कई सैलानियों पर मंगलवार को आतंकवादियों ने गोलियां बरसाई। इस हमले के बाद गृह मंत्री अमित शाह जम्मू-कश्मीर पहुंच चुके हैं। उन्होंने सेना के वरिष्ठ अधिकारियों, सीआरपीएफ, खुफिया एजेंसी और जम्मू-कश्मीर पुलिस अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की।
नेताओं ने जताई प्रतिक्रिया
पहलगाम में आतंकी हमले के बाद नेताओं ने रोष जताया है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने एक्स पोस्ट पर लिखा, “मैं अविश्वसनीय रूप से स्तब्ध हूं। हमारे आगंतुकों पर यह हमला एक घृणित कार्य है। इस हमले के अपराधी जानवर, अमानवीय और घृणा के पात्र हैं। निंदा के लिए कोई भी शब्द पर्याप्त नहीं है। मैं मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। मैंने अपनी सहकर्मी सकीना इटू से बात की है और वह घायलों के लिए व्यवस्थाओं की देखरेख करने के लिए अस्पताल चली गई हैं। मैं तुरंत श्रीनगर वापस जा रहा हूं।”
सीएम अब्दुल्ला ने एक और पोस्ट में लिखा, “मृतकों की संख्या का अभी पता लगाया जा रहा है, इसलिए मैं उन विवरणों में नहीं जाना चाहता। स्थिति स्पष्ट होने पर उन्हें आधिकारिक रूप से बताया जाएगा। कहने की जरूरत नहीं कि यह हमला हाल के वर्षों में नागरिकों पर किए गए किसी भी हमले से कहीं ज्यादा बड़ा है।”
महबूबा ने यह कहा
पीडीपी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने एक्स पर लिखा, “मैं पहलगाम में पर्यटकों पर हुए कायराना हमले की कड़ी निंदा करता हूं। ऐसी हिंसा अस्वीकार्य है और इसकी निंदा की जानी चाहिए। ऐतिहासिक रूप से, कश्मीर ने पर्यटकों का गर्मजोशी से स्वागत किया है, जिससे यह दुर्लभ घटना बेहद चिंताजनक है। अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाने और संभावित सुरक्षा चूक की जांच करने के लिए गहन जांच की आवश्यकता है। आगंतुकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सर्वोपरि है, और भविष्य में हमलों को रोकने के लिए कदम उठाए जाने चाहिए। हमारी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं।”
उपराज्याल ने हमले पर रोष जताया
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया और हमले को “कायरतापूर्ण” बताया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के लोगों को आश्वासन दिया कि इस जघन्य कृत्य के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने डीजीपी और सुरक्षा अधिकारियों से बात की है। सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीमें इलाके में पहुंच गई हैं और तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “मैं पहलगाम में पर्यटकों पर हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूं। मैं लोगों को भरोसा दिलाता हूं कि इस घृणित हमले के पीछे जो लोग हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। डीजीपी और सुरक्षा अधिकारियों से बात की है। सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीमें इलाके में पहुंच गई हैं और तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य अधिकारियों को पहलगाम में भर्ती लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा प्रदान करने का निर्देश दिया है। एक घायल पर्यटक को जीएमसी अनंतनाग पहुंचाया गया है। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
इस साल यह पहला आतंकी हमला
कश्मीर घाटी में 2025 में पर्यटकों पर यह पहला आतंकवादी हमला है, जबकि इस समय घाटी में पर्यटन का मौसम काफी तेजी से बढ़ रहा है।
श्रीनगर शहर के सभी होटल और पहलगाम, गुलमर्ग और सोनमर्ग के पर्यटक रिसॉर्ट पूरी तरह से भरे हुए हैं।
इस साल जम्मू-कश्मीर में अभूतपूर्व संख्या में पर्यटकों के आने की उम्मीद है और आधिकारिक अनुमानों के अनुसार इस साल करीब दो करोड़ पर्यटक केंद्र शासित प्रदेश में आएंगे।
मंगलवार का हमला ऐसे समय में हुआ है जब इस साल की अमरनाथ यात्रा के लिए देशभर में पंजीकरण चल रहा है।
इस साल यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 9 अगस्त को समाप्त होगी, जो क्रमशः श्रावण पूर्णिमा और रक्षाबंधन के त्योहारों के साथ है।
पिछले महीने जम्मू-कश्मीर की अपनी यात्रा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की थी, जहां उन्होंने जम्मू संभाग पर विशेष ध्यान देते हुए आतंकवाद के पूर्ण उन्मूलन के आदेश दिए थे।
उन्होंने घुसपैठ के प्रति जीरो टॉलरेंस सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए थे। बैठक में केंद्रीय गृह सचिव, आइबी निदेशक, सेना प्रमुख, जम्मू-कश्मीर में सभी कोर के जीओसी, अर्धसैनिक बलों के प्रमुख, जम्मू-कश्मीर के डीजीपी और खुफिया अधिकारी शामिल हुए।
बीते दिनों उपराज्यपाल मनोज सिन्हा इस बात पर जोर दिया था कि जम्मू-कश्मीर को आतंकवाद के अभिशाप से पूरी तरह मुक्त करने के लिए आतंकवादियों, उनके ओवरग्राउंड वर्कर्स (ओजीडब्ल्यू) और समर्थकों सहित आतंकवाद के पूरे पारिस्थितिकी तंत्र से निपटना होगा। —एजेंसियां
Author: ohm verma
Om Verma (ohm verma) is a graduate from Motilal Nehru College of Delhi University. He has done Journalism and Mass Communication from Kurukshetra University. He has worked in Hari Bhoomi newspaper published from Haryana. After this, he worked for Dainik Jagran as Chief Sub Editor for a long time. He held many important roles in the Noida office. During this time, he participated in debates on many national TV channels.






