निवेदिता झा, नयी दिल्ली। sprouted grains benefits : सर्दियों के आगमन के साथ ही पाचन संबंधी परेशानियों का बढ़ना आम बात है। इस मौसम में अक्सर पेट फूलना, कब्ज, गैस, भारीपन और अपच जैसी समस्याएं लोगों को ज्यादा परेशान करने लगती हैं। ऐसे समय में स्वास्थ्य विशेषज्ञ आहार में ऐसे खाद्य पदार्थ शामिल करने की सलाह देते हैं, जो न सिर्फ पाचन तंत्र को मजबूत करें, बल्कि शरीर व मन दोनों को संतुलित और ऊर्जावान बनाए रखें। इन्हीं में से एक है—अंकुरित अनाज।
मध्य प्रदेश के आयुष विभाग के अनुसार, अंकुरित अनाज पाचन तंत्र के लिए प्राकृतिक औषधि की तरह काम करते हैं। इनके नियमित सेवन से पेट से जुड़ी छोटी-बड़ी समस्याएं आसानी से दूर होती हैं और शरीर की संपूर्ण कार्यप्रणाली बेहतर होती है।
अंकुरित अनाज क्यों है खास?
- अनाज के अंकुरित होने की प्रक्रिया में उनके भीतर मौजूद पोषक तत्व कई गुना बढ़ जाते हैं।
- सामान्य मूंग और चने में मौजूद प्रोटीन की मात्रा अंकुरण के बाद अधिक हो जाती है।
- यही नहीं, विटामिन-सी, विटामिन-बी कॉम्प्लेक्स, आयरन, कैल्शियम और एंटीऑक्सीडेंट्स भी बढ़ती मात्रा में मिलते हैं।
- अंकुरण के दौरान सक्रिय होने वाले एंजाइम भोजन को पचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जिससे पाचन सहज हो जाता है।
स्वास्थ्य को मिलने वाले अनेक लाभ
- अंकुरित अनाज को रोजाना के भोजन में शामिल करने पर शरीर को कई तरह से फायदा होता है—
- इनमें मौजूद फाइबर कब्ज, गैस और अपच जैसी दिक्कतों को दूर कर आंतों की सफाई करता है।
- एंजाइम और पोषक तत्व शरीर में आसानी से अवशोषित हो जाते हैं।
- कम कैलोरी में भरपूर पोषण मिलने से भूख नियंत्रित रहती है और वजन घटाने में मदद मिलती है।
- विटामिन-सी और एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर को संक्रमणों से बचाकर इम्यूनिटी मजबूत करते हैं।
- आयरन की मात्रा अधिक होने से एनीमिया में आराम मिलता है और खून की कमी दूर होती है।
- इनके सेवन से त्वचा में निखार आता है और बाल स्वस्थ व घने होते हैं।
- बायोटिन और प्रोटीन बालों के झड़ने को कम करते हैं और प्राकृतिक चमक बढ़ाते हैं।
डायबिटीज में भी फायदेमंद
sprouted grains benefits : अंकुरित अनाज का लो ग्लाइसेमिक इंडेक्स उन्हें मधुमेह के रोगियों के लिए भी सुरक्षित और लाभकारी बनाता है। ये रक्त शर्करा के स्तर को नियंत्रित रखने में सहायक होते हैं।
कैसे बनाएं अंकुरित अनाज?
अंकुरित अनाज तैयार करना बेहद आसान है—
- रात में मूंग, चना, काला चना या मिक्स अनाज को पानी में भिगो दें।
- सुबह पानी निकालकर इन्हें गीले कपड़े में बांधकर 8–10 घंटे के लिए रख दें।
- अगले दिन ताजे अंकुरित अनाज तैयार मिलेंगे।
- इन्हें नींबू, नमक, काला नमक, भुना जीरा डालकर चाट की तरह खाएं या सब्जी में मिलाकर भी सेवन कर सकते हैं।
- विशेषज्ञों का मानना है कि यह नाश्ते के रूप में सबसे अधिक पौष्टिक विकल्पों में से एक है।







