पुट्टपर्थी, 19 नवंबर। Sathya Sai Baba : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को आंध्र प्रदेश के पुट्टपर्थी में आयोजित श्री सत्य साईं बाबा के जन्म शताब्दी समारोह में शामिल हुए। इस विशेष अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मिलकर श्री सत्य साईं बाबा के जीवन, उनके आध्यात्मिक योगदान और मानव सेवा को समर्पित 100 रुपये का स्मारक सिक्का और विशेष डाक टिकटों का एक सेट जारी किया।
समारोह में कई विशिष्ट अतिथियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिनमें पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन, केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु और जी. किशन रेड्डी शामिल रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह जन्म शताब्दी वर्ष केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि वर्तमान पीढ़ी के लिए एक दिव्य वरदान है। उन्होंने कहा कि भले ही श्री सत्य साईं बाबा अब शारीरिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी शिक्षा, उनका प्रेम और उनकी सेवाभावना आज भी करोड़ों लोगों के जीवन को दिशा और प्रेरणा दे रही हैं।
“बाबा का जीवन वसुधैव कुटुम्बकम का साकार रूप”
Sathya Sai Baba : प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, “श्री सत्य साईं बाबा का सम्पूर्ण जीवन ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना का जीवंत उदाहरण रहा है। इसलिए यह जन्मशताब्दी वर्ष सार्वभौमिक प्रेम, एकता, शांति और सेवा का एक विशाल पर्व बन चुका है। सरकार के लिए गर्व की बात है कि इस अवसर पर स्मारक सिक्का और विशेष डाक टिकट जारी किए गए हैं। इनमें बाबा के मानवसेवा के कार्यों की झलक दिखाई देती है।”
उन्होंने यह भी कहा कि बाबा की शिक्षा केवल ग्रंथों और प्रवचनों तक सीमित नहीं रही। उनका प्रभाव समाज के हर स्तर पर दिखता है—बड़े शहरों से लेकर छोटे गांवों तक, स्कूलों से लेकर आदिवासी क्षेत्रों तक, शिक्षा, संस्कृति और चिकित्सा सेवा का व्यापक विस्तार उनके अनुयायियों के प्रयासों से संभव हुआ है। बाबा के अनुयायी हमेशा “मानव सेवा ही माधव सेवा” को जीवन का मूल मंत्र मानते हैं।
सत्य साईं अस्पतालों की अनोखी व्यवस्था
Sathya Sai Baba : प्रधानमंत्री मोदी ने सत्य साईं अस्पतालों की ‘निशुल्क लेकिन उत्कृष्ट’ चिकित्सा व्यवस्था का भी विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा, “जब गरीब परिवार पहली बार सत्य साईं अस्पताल पहुंचता है तो यह देखकर हैरान रह जाता है कि यहां कोई बिलिंग काउंटर ही नहीं है। इलाज भले ही मुफ्त है, लेकिन सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों की सुविधा में कोई कमी नहीं है। यह बाबा की सेवा-भावना का सशक्त प्रमाण है।”
20 हजार बेटियों को सुकन्या समृद्धि योजना का लाभ
कार्यक्रम में 20 हजार से अधिक बेटियों के नाम पर सुकन्या समृद्धि योजना के खाते खोलने की पहल की गई। प्रधानमंत्री मोदी ने इसे “बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में बड़ा कदम” बताया।
Sathya Sai Baba : उन्होंने बताया कि दस वर्ष पहले केंद्र सरकार ने बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण को ध्यान में रखते हुए सुकन्या समृद्धि योजना शुरू की थी। यह देश की उन चुनिंदा योजनाओं में से एक है, जिसमें बेटियों को 8.2 प्रतिशत का सर्वाधिक ब्याज मिलता है।
अब तक इस योजना के अंतर्गत 4 करोड़ से अधिक बेटियों के खाते खोले जा चुके हैं और करीब 3.25 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि इन खातों में जमा की जा चुकी है। प्रधानमंत्री ने श्री सत्य साईं परिवार द्वारा 20 हजार खाते खुलवाने की पहल को सराहनीय बताया।
Author: ohm verma
Om Verma (ohm verma) is a graduate from Motilal Nehru College of Delhi University. He has done Journalism and Mass Communication from Kurukshetra University. He has worked in Hari Bhoomi newspaper published from Haryana. After this, he worked for Dainik Jagran as Chief Sub Editor for a long time. He held many important roles in the Noida office. During this time, he participated in debates on many national TV channels.







