जमुई, 28 दिसंबर। Simultala Train Accident : बिहार के जमुई जिले में शनिवार देर रात हावड़ा-किऊल रेलखंड के सिमुलतला स्टेशन के पास एक मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना के कारण इस मार्ग से गुजरने वाली अन्य ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ। कई ट्रेनों के मार्ग बदले तथा कई रद कर दी गईं।
Simultala Train Accident : युद्ध स्तर पर चल रहा कार्य
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, आसनसोल मंडल (पूर्व रेलवे) के लाहाबन-सिमुलतला स्टेशनों के बीच किलोमीटर 344/05 के पास मालगाड़ी के आठ डिब्बे पटरी से उतर गए। इससे अप और डाउन दोनों लाइनों पर परिचालन बाधित हो गया। सूचना मिलते ही आसनसोल, मधुपुर और झाझा से आपदा राहत टीम (ART) घटनास्थल के लिए रवाना हो गई और मार्ग को जल्द बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है।
ये ट्रेनें हुईं रद
Simultala Train Accident : जानकारी के मुताबिक जसीडीह-झाझा खंड से गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में बदलाव किए गए हैं। इसमें हावड़ा-देहरादून कुंभ एक्सप्रेस (12369), सियालदह-बलिया एक्सप्रेस (13105), मोकामा-हावड़ा एक्सप्रेस (13030), जसीडीह-मोकामा मेमू (63571), किऊल-जसीडीह मेमू (63574), देवघर-झाझा मेमू (63297) और झाझा-देवघर मेमू (63298) समेत 20 से अधिक ट्रेनें रद की गई हैं।
इनके मार्ग बदले गए
Simultala Train Accident : इसके अलावा टाटानगर-बक्सर एक्सप्रेस (8183) को प्रधानखुंटा-धनबाद-गया-पटना मार्ग से चलाया जाएगा, जिसमें गया में ठहराव होगा। हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (12305) को 16:05 बजे पुनर्निर्धारित किया गया है और इसे प्रधानखुंटा-धनबाद-गया-दीनदयाल उपाध्याय मार्ग से चलाया जाएगा, जिसमें आसनसोल, धनबाद और गया में ठहराव रहेगा। हावड़ा-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस (22347) को भी प्रधानखुंटा-धनबाद-गया-पटना मार्ग से चलाया जाएगा, जिसमें धनबाद और गया में ठहराव होगा।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जांच कर लें और किसी भी जानकारी के लिए रेलवे से संपर्क करें।
बताया जा रहा है कि जल्द ही इस मार्ग पर सामान्य आवागमन बहाल होने की संभावना है और रेलवे द्वारा प्रभावित ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से चलाया जा रहा है।







