लखनऊ, 25 दिसंबर । Rashtra Prerna Sthal : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को लखनऊ की बसंत कुंज योजना में निर्मित भव्य राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने परिसर में स्थापित देश के महान राष्ट्रनायकों की प्रतिमाओं का अवलोकन किया और उन्हें नमन किया।
इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी उपस्थित रहे।

जनता का किया अभिवादन
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही प्रधानमंत्री मोदी ने बड़ी संख्या में उपस्थित जनता का अभिवादन किया। इसके बाद वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ। कार्यक्रम में पीएम मोदी ने सबसे पहले भारत माता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने जनसंघ और भाजपा की ऐतिहासिक यात्रा को चित्रों में दर्शाने वाली गैलरी का अवलोकन किया।

अनूठा प्रयास
Rashtra Prerna Sthal : प्रधानमंत्री ने आगे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी गैलरी का दौरा किया, जिसमें उनके जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण चित्र, प्रतीक और ऐतिहासिक दस्तावेज प्रदर्शित किए गए हैं। लखनऊ में बना यह भव्य राष्ट्र प्रेरणा स्थल भारतीय राष्ट्रवाद के त्रयी — डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी — के विचारों और योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाने का अनूठा प्रयास है।

कमल की आकृति में तैयार किया गया
Rashtra Prerna Sthal : इस प्रेरणा स्थल को कमल की आकृति में तैयार किया गया है। यहां राष्ट्रवाद के शिखर पुरुषों की 65 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जिन्हें विश्वविख्यात मूर्तिकार राम सुतार एवं मंटू राम आर्ट क्रिएशंस ने तैयार किया है। प्रतिमाओं को आकर्षक फेसेड लाइटिंग और प्रोजेक्शन मैपिंग से सजाया गया है। परिसर में राष्ट्रनायकों के जीवन को समर्पित एक आधुनिक संग्रहालय भी बनाया गया है।
म्यूरल आर्ट के माध्यम से प्रदर्शन
Rashtra Prerna Sthal : संग्रहालय की इंटरप्रिटेशन वॉल पर स्वतंत्रता आंदोलन और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को म्यूरल आर्ट के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। संग्रहालय के प्रांगण में भारत माता की कलात्मक प्रतिमा स्थापित है।
गैलरियों में राष्ट्रनायकों के जीवन, संघर्ष और विचारधारा को आधुनिक तकनीक के साथ जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल में आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की गई हैं, जिनमें—
- सिंथेटिक ट्रैक
- मेडिटेशन सेंटर
- विपश्यना केंद्र
- योग केंद्र
- हेलीपैड
- कैफेटेरिया

विशाल रैली स्थल का भी निर्माण
Rashtra Prerna Sthal : इसके अतिरिक्त परिसर में 3000 दर्शक क्षमता वाले एम्फीथिएटर तथा लगभग 2 लाख लोगों की क्षमता वाले विशाल रैली स्थल का भी निर्माण किया गया है।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल न केवल ऐतिहासिक स्मृतियों का भव्य प्रतीक है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रभावना और कर्तव्यनिष्ठा का संचार करेगा।








